December 8, 2025

CM नीतीश की अपील : शराबबंदी के पक्ष में और बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के खिलाफ चलाते रहिए अभियान

  • गोपालगंज में समाज सुधार अभियान में हुए शामिल मुख्यमंत्री

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को गोपालगंज के मिंज स्टेडियम में पूर्ण नशामुक्ति, दहेज प्रथा उन्मूलन एवं बाल विवाह मुक्ति हेतु समाज सुधार अभियान का द्वीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। इस अवसर पर गोपालगंज के डीएम ने पौधा एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल के समीप विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी एवं फोटो गैलरी का मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों ने बढ़ते कदम-बढ़ते कदम गीत का गायन किया। कार्यक्रम के अंत में जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बाला मुरुगन डी. एवं जीविका दीदी ने भी मुख्यमंत्री को मोमेंटो प्रदान कर उनका अभिनंदन किया।


सोच लीजिए गड़बड़ करेंगे तो क्या होगा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश ने कहा कि शराबबंदी, बाल विवाह, दहेज प्रथा को लेकर समाज सुधार अभियान जो चलाया जा रहा है, इसमें हमलोग सारी चीजों को लेकर चल रहे हैं। शराबबंदी का कितना असर पड़ा है, आप खुद ही देख लीजिए। गड़बड़ शराब पीकर इसी गोपालगंज में लोग मरे थे। 9 गड़बड़ करने वालों को कोर्ट ने फांसी की सजा सुना दी। आप सोच लीजिए गड़बड़ करेंगे तो क्या होगा। जो महिलाएं इस कारोबार में शामिल थीं, उनको आजीवन कारावास की सजा हो गई। गड़बड़ करने वालों से सजग और सतर्क रहने की जरुरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शराब पीने वालों को समझना चाहिए कि शराब खराब चीज है। आपको सजग और सचेत रहने के लिए हमलोग अभियान चला रहे हैं। जीविका दीदियों से कहेंगे कि आज दीदियों ने जो बातें कहीं हैं अपने उत्थान के लिए जरूर उन बातों का ध्यान रखिये।
शराबबंदी के पक्ष में नारा लगाकर विरोध कीजिए
सीएम ने अपील की कि अपने-अपने इलाकों में घूम-घूमकर जागरुकता अभियान चलाते रहिए। शराबबंदी के पक्ष में और बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के खिलाफ अभियान चलाते रहिए। गड़बड़ी करने वाले शराब जो बेचते हैं और पीते हैं आपको नंबर बता दिया गया है। आग्रह है कि कोई गड़बड़ करता है तो भारी संख्या में चारों तरफ शराबबंदी के पक्ष में नारा लगाकर विरोध कीजिए।
बाल विवाह से तरह-तरह की परेशानी
सीएम ने कहा कि बाल विवाह करने से तरह-तरह की परेशानी होती है, बेटियों की जिंदगी बर्बाद हो जाती है। जो बच्चे पैदा होते हैं वे कुपोषण के शिकार होते हैं। दहेज प्रथा और भी खराब है। सभी लोगों से आग्रह है कि प्रचार कीजिए की दहेज प्रथा बहुत खराब काम है। हमने कहा था कि निमंत्रण में लिखना होगा कि दहेजमुक्त शादी हो रही है तभी जाना है। जिस कार्ड पर दहेज मुक्त लिखा होगा, उसी शादी में हम जाएंगे।


गांव, इलाकों में जाकर अभियान को चलाईये
समाज सुधार अभियान सिर्फ मेरा काम नहीं बल्कि आपलोग मिल-जुलकर इसको चलाते रहिएगा। गांव में गाना गाकर सुनाईये, नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी। अगर समाज सुधार नहीं तो विकास का कोई मतलब नहीं। गड़बड़ी करने वाले पुलिस और अधिकारियों को नौकरी से निकाल दिया जाएगा, वे जेल जाऐंगे और उनपर कार्रवाई होगी। विकास के साथ समाज सुधार होगा तो समाज, राज्य और देश आगे बढ़ेगा। आपलोगों से उम्मीद करता हूं कि आप अपने गांव, इलाकों में जाकर इस अभियान को चलाईयेगा।
इन्होंने किया संबोधित
कार्यक्रम को कृषि मंत्री सह गोपालगंज जिले के प्रभारी मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह, मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन मंत्री सुनील कुमार, पर्यटन मंत्री सह सीवान जिले के प्रभारी मंत्री नारायण प्रसाद, विज्ञान एवं प्रावैधिकी मंत्री सह सारण जिले के प्रभारी मंत्री सुमित कुमार सिंह, खान एवं भूतत्व मंत्री जनक राम, पुलिस महानिदेशक एसके सिंघल, विकास आयुक्त आमिर सुबहानी, अपर मुख्य सचिव गृह चैतन्य प्रसाद, मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक ने भी संबोधित किया।
महिलाओं ने अपने अनुभवों को साझा किया
कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों के साथ संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत सतत जीविकोपार्जन योजना की लाभार्थी रेणु देवी, राजमती देवी, बाल विवाह के दुष्परिणामों से सबक लेकर इस कुप्रथा के विरुद्ध सक्रिय गुड्डी देवी, दहेज प्रथा के खिलाफ आवाज बुलंद करनेवाली सुनीता देवी, नशामुक्त समाज की दिशा में कार्यकरनेवाली इंद्रावती देवी सहित अन्य महिलाओं ने अपने-अपने अनुभवों को साझा किया।


स्वयं सहायता समूहों को चेक प्रदान
इस दौरान मुख्यमंत्री ने गोपालगंज, सारण एवं सीवान जिले के 10,878 स्वयं सहायता समूहों को बैंको के माध्यम से कराए गए कैश क्रेडिट लिमिट का 173 करोड़ 25 लाख 50 हजार का चेक प्रदान किया। सतत जीविकोपार्जन योजना के तहत तीनों जिलों के 3,745 लाभार्थियों को 5 करोड़ 35 लाख रुपये की राशि और जल-जीवन-हरियाली अभियान के माध्यम से 6 नवसृजित सार्वजनिक जलाशयों के रखरखाव हेतु 14 लाख रुपए का चेक प्रदान किया। सड़क दुर्घटना में मृतक के आश्रित मीना देवी को 5 लाख रुपये की मुआवजा राशि का डमी चेक मुख्यमंत्री के द्वारा प्रदान किया गया।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, डॉ. आलोक कुमार सुमन, सांसद कविता सिंह, विधायक जनक सिंह, अमरेंद्र कुमार पांडेय, कृष्ण कुमार मंटू, विधान पार्षद बिरेंद्र नारायण यादव, आदित्य नारायण पांडेय, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त आमिर सुबहानी, प्रधान सचिव चंचल कुमार, रवि मनुभाई परमार, सचिव गृह के. सेंथिल, संजय कुमार अग्रवाल, अनुपम कुमार, सारण प्रमंडल के आयुक्त श्रीमती पूनम, पुलिस उप महानिरीक्षक रविन्द्र कुमार, गोपालगंज डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी, डीएम सीवान अमित कुमार पांडेय, डीएम सारण राजेश कुमार मीणा, एसपी गोपालगंज आनंद कुमार, एसपी सारण संतोष कुमार, एसपी सीवान शैलेश कुमार सिंह सहित अन्य वरीय पदाधिकारी, जीविका दीदियां एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

You may have missed