प्रगति यात्रा के लिए पटना से रवाना हुए सीएम नीतीश, गांधी की कर्मभूमि से शुरुआत, तैयारियां पूरी
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार, 23 दिसंबर से अपनी बहुप्रतीक्षित प्रगति यात्रा का शुभारंभ कर दिया। यह यात्रा पश्चिम चंपारण के ऐतिहासिक बाल्मीकि नगर से शुरू हुई, जिसे महात्मा गांधी की कर्मभूमि के रूप में भी जाना जाता है। यात्रा को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर ली थीं। मुख्यमंत्री ने पटना स्थित अपने आवास से रवाना होकर हवाई मार्ग से बाल्मीकि नगर पहुंचकर इस यात्रा की शुरुआत की।
यात्रा का उद्देश्य और कार्यक्रम
प्रगति यात्रा का उद्देश्य विभिन्न जिलों में विकास कार्यों का निरीक्षण करना और जनता की समस्याओं को सीधे सुनकर समाधान निकालना है। मुख्यमंत्री इस दौरान अधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे और क्षेत्र में चल रही योजनाओं का जायजा लेंगे। यात्रा की शुरुआत पश्चिम चंपारण से हुई और 24 दिसंबर को यह पूर्वी चंपारण तक पहुंचेगी। 25 दिसंबर को क्रिसमस की छुट्टी रहेगी। इसके बाद 26 दिसंबर को मुख्यमंत्री शिवहर और सीतामढ़ी का दौरा करेंगे। 27 दिसंबर को मुजफ्फरपुर में यात्रा का अगला पड़ाव होगा।
प्रशासनिक तैयारियां पूरी
यात्रा के लिए प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए हैं। स्थानीय अधिकारियों को जनता की शिकायतें सुनने और मुख्यमंत्री के साथ समन्वय बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
नीतीश के लिए यात्रा का महत्व
यह यात्रा राज्य में विकास योजनाओं की प्रगति का आंकलन करने और जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करने का एक प्रयास है। गांधी की कर्मभूमि से शुरू होकर यह यात्रा बिहार के विभिन्न हिस्सों में विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी कहा था कि सीएम भीषण ठंड में हर साल यात्रा करते हैं और लोगों से फीडबैक लेते हैं। इस बार प्रगति यात्रा में मुख्यमंत्री लोगों से मिलकर उनसे फीडबैक लेंगे और अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास योजनाओं के बारे में भी जानकारी लेंगे।
जुलाई 2005 में सबसे हुई थी न्याय यात्रा
सबसे पहले 12 जुलाई 2005 से नीतीश कुमार ने न्याय यात्रा की शुरुआत की थी। 9 जनवरी 2009 से विकास यात्रा की शुरुआत हुई थी। 17 जून 2009 से धन्यवाद यात्रा शुरू की गई थी। 25 दिसंबर 2009 से प्रवास यात्रा की शुरुआत हुई थी। 28 अप्रैल 2010 से नीतीश कुमार विश्वास यात्रा पर निकले थे। 9 नवंबर 2011 से नीतीश कुमार ने सेवा यात्रा की शुरुआत की थी और 19 सितंबर 2012 से अधिकार यात्रा की शुरुआत हुई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 5 मार्च 2014 से संकल्प यात्रा पर निकले थे। 13 नवंबर 2014 को संपर्क यात्रा निकाली थी। 9 नवंबर 2016 से निश्चय यात्रा का आगाज हुआ था। 12 दिसंबर 2017 से समीक्षा यात्रा की शुरुआत हुई थी। 3 दिसंबर 2019 से सीएम ने जल जीवन हरियाली यात्रा शुरू किया गया था। 22 दिसंबर 2021 को सीएम ने समाज सुधार यात्रा शुरू किया गया था। वहीं, आखिरी बार समाधान यात्रा के तहत नीतीश कुमार 5 जनवरी 2023 से बिहार भ्रमण पर निकले थे।


