राष्ट्रपति के रात्रि भोज में शामिल होने दिल्ली रवाना हुए सीएम नीतीश, गठबंधन टूटने के बाद पहली बार होगा पीएम से सामना

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को दिल्ली जा रहे हैं। नीतीश कुमार जी-20शिखर सम्मेलन के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा शाम में आयोजित रात्रिभोज (डिनर) में हिस्सा लेंगे। इस मौके पर जी20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष एवं अन्य विदेशी मेहमान शिरकत करने वाले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इसमें शामिल होंगे। ऐसे में पिछले साल एनडीए छोड़ने के बाद नीतीश कुमार का पीएम मोदी से जी-20 डिनर में पहली बार आमना-सामना होगा। इंडिया-भारत बहस के बीच नीतीश कुमार का इस भोज में शामिल होना अहम माना जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जी-20 सम्मेलन के मद्देनजर 9 सितंबर को सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को इस भोज में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। इसी आमंत्रण पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दिल्ली जा रहे हैं। सीएम फ्लाइट से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। राष्ट्रपति भवन में आयोजित रात्रि भोज में शामिल होने के बाद रविवार दोपहर को उनका पटना वापस लौटने का कार्यक्रम है। वहीं, इस भोज में कांग्रेस शासित कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के मुख्यमंत्री भी इस भोज में शामिल नहीं होंगे। कांग्रेस अध्यक्ष को राष्ट्रपति का निमंत्रण नहीं दिए जाने से पार्टी में नाराजगी है। राहुल गांधी ने खुले तौर पर इस पर नाराजगी जाहिर की है। उनका कहना है कि मोदी सरकार 60 प्रतिशत आबादी के समर्थन वाली पार्टी को खत्म करना चाहती है। इधर, तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो और बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने आयोजन में जाने की पुष्टि की है। वह दिल्ली पहुंचकर कई विपक्षी नेताओं से भी मुलाकात करेंगी। इसके साथ ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी जी-20 के डिनर में शामिल होंगे। इधर,मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जी-20 की डिनर मे शामिल होने पर जदयू ने बयान दिया है। जदयू की प्रवक्ता अनुप्रिया ने कहा है कि यह मुलाकात सियासी मुलाकात नहीं है। दिल्ली में विश्व के कई देशों के प्रमुख इसमें शामिल हो रहे हैं। देश के सभी मुख्यमंत्री इसमें शामिल हो रहें हैं तो हमारे नेता नीतीश कुमार भी शामिल हो रहे हैं।
विपक्षी नेताओं से मुलाकात भी कर सकते हैं नीतीश
माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश दिल्ली प्रवास के दौरान विपक्षी नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से भी मुलाकात हो सकती है। मल्लिकार्जुन खड़गे को भोज मे शामिल होने का निमंत्रण नहीं मिला है। इसके अलावा दिल्ली के सीएम और आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल से भी अलग से मिल सकते हैं। वैसे इस कार्यक्रम में देश के सभी सीएम पहुंचे हैं। दिल्ली में जी-20 की मीटिंग के लिए विदेशी मेहमान पहुंच चुके हैं।
विजय सिन्हा बोले- चलिए जब जागे तभी सवेरा
वहीं बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने नसीहत देते हुए कहा है कि संवैधानिक कुर्सी पर बैठे लोगों का सम्मान करना चाहिए। अच्छी बात है कि वो इसमें शामिल हो रहे हैं। विजय सिन्हा ने कहा है कि राष्ट्र के सम्मान में हर किसी को जुड़ना चाहिए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कई बार पीएम के कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए हैं, लेकिन, जब जागे तभी सवेरा।

About Post Author

You may have missed