मुंगेर में श्रीकृष्ण सेतु के नवनिर्मित सड़क पुल का CM नीतीश ने किया उद्घाटन, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी रहे मौजूद

मुंगेर, बिहार। मुंगेर में श्रीकृष्ण सेतु के नवनिर्मित सड़क पुल को औपचारिक रुप से जनता को समर्पित कर दिया गया। गंगा नदी पर बने मुंगेर-खगड़िया श्रीकृष्ण सेतु का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उद्घाटन किया। साथ ही मुंगेर-भागलपुर सीमा पर नवनिर्मित घोरघट पुल का भी शुभारंभ हुआ। वर्चुअल माध्यम से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने रिमोट से शुभारंभ किया। इस दौरान डिप्टी सीएम तारकिशोर, मंत्री नितिन नवीन, जदयू राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन, मंत्री सम्राट चौधरी समेत कई लोग मौजूद रहे।

696 करोड़ की लागत से 14.5 किलोमीटर लम्बे NH 333बी गंगा नदी रेल सह सड़क पुल का लोकार्पण किया गया। श्रीकृष्ण सेतु से होकर अभी भारी वाहनों का परिचालन आरंभ नहीं होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा इस सेतु के औपचारिक उद्घाटन के बाद अभी केवल इस पर छोटे निजी वाहन, सवारी वाहन एवं कम भारक्षमता वाले मालवाहक वाहन का ही परिचालन होगा। मुख्यमंत्री के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री एवं कई कैबिनेट मंत्री कार्यक्रम में शामिल हुए। वही श्रीकृष्ण सेतु के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावा स्थानीय सांसद सह जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह एवं स्थानीय विधायक कार्यक्रम में शामिल रहे।
इस पुल का शिलान्यास तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी वाजपेयी ने 26 दिसंबर 2002 में किया था। 2016 में इस पुल का नामाकरण स्वतंत्रता सेनानी एवं राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह के नाम पर किया गया था। इस पुल के निर्माण से मुंगेर उत्तर बिहार से सीधे जुड़ जाएगा तथा इससे क्षेत्र का विकास होगा।