रामोजी ग्रुप के चेयरमैन रामोजी राव के निधन पर सीएम नीतीश ने जताया शोक, व्यक्त की गहरी शोक संवेदना

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को रामोजी ग्रुप के चेयरमैन और ईटीवी नेटवर्क के प्रमुख रामोजी राव के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि स्व. रामोजी राव मीडिया जगत की बड़ी हस्ती माने जाते थे। वर्ष 2016 में उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। उन्होंने पत्रकारिता और फिल्म जगत पर अपनी अमिट छाप छोड़ी। फिल्म जगत में अहम योगदान के लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड और फिल्मफेयर अवॉर्ड्स से भी नवाजा गया था। उनके निधन से पत्रकारिता और फिल्म जगत के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुयी है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। बता दे की मीडिया पर्सनैलिटी और रामोजी ग्रुप के चेयरमैन रामोजी राव का शनिवार सुबह 4:50 बजे निधन हो गया। उन्होंने हैदराबाद के स्टार हॉस्पिटल में 87 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। रामोजी 5 जून से आईसीयू में भर्ती थे। वे हार्ट से जुड़ी दिक्कतों से जूझ रहे थे। रामोजी राव का पार्थिव शरीर रामोजी फिल्म सिटी में उनके आवास पर रखा गया है। यहां उनके परिवार, दोस्त और प्रशंसक उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देंगे। तेलंगाना सरकार ने राजकीय सम्मान के साथ रामोजी राव का अंतिम संस्कार करने की घोषणा की है। रामोजी राव मीडिया के क्षेत्र में बड़ा नाम थे। उन्होंने 1962 में रामोजी ग्रुप की नींव रखी थी, जिसमें हैदराबाद स्थित दुनिया का सबसे बड़ा फिल्म स्टूडियो रामोजी फिल्म सिटी, उषा किरण मूवीज, मयूरी फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर्स, मार्गदर्शी चिट फंड और डॉल्फिन ग्रुप ऑफ होटल्स शामिल हैं। रामोजी ईटीवी नेटवर्क के टेलीविजन चैनलों और तेलुगु न्यूजपेपर ईनाडु के भी प्रमुख थे। रामोजी को पत्रकारिता, साहित्य और शिक्षा में उनके योगदान के लिए 2016 में देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। रामोजी राव का पूरा नाम चेरुकुरी रामोजी राव था। उनका जन्म 16 नवंबर 1936 को आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले के पेडापरुपुडी गांव में एक किसान परिवार में हुआ था। उन्हें भारत का रुपर्ट मर्डोक कहा जाता है। रामोजी को कुछ साल पहले कैंसर हुआ था। हालांकि, इलाज के बाद वह पूरी तरह से ठीक हो गए थे। रामोजी के परिवार में उनकी पत्नी रमा देवी और बेटा किरण हैं। किरण ईनाडु पब्लिकेशन ग्रुप और ईटीवी चैनलों के प्रमुख हैं। रामोजी के छोटे बेटे चेरुकुरी सुमन की 7 सितंबर 2012 को ल्यूकेमिया से मौत हो गई थी।
