बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष सदानंद सिंह के श्राद्धकर्म में शामिल हुए CM नीतीश, तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता स्व. सदानंद सिंह के श्राद्धकर्म में शामिल हुए। मुख्यमंत्री रविवार को पटना से सदानंद सिंह के भागलपुर जिले के कहलगांव स्थित आवास पहुंचकर उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सीएम नीतीश ने स्व. सदानंद सिंह के पुत्र शुभानंद मुकेश सहित अन्य शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना भी दी।


मुख्यमंत्री ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुये कहा कि सदानंद सिंह अपने क्षेत्र में लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे, जिन्होंने अपने व्यक्तित्व की बदौलत समाज के सभी वर्गों का आदर एवं सम्मान प्राप्त किया था। बिहार की राजनीति में उनका अहम योगदान था। उन्होंने कहलगांव विधानसभा सीट का 9 बार प्रतिनिधित्व किया। वे 2000 से 2005 तक बिहार विधानसभा के अध्यक्ष भी रहे थे। वे बिहार सरकार में सिंचाई और ऊर्जा राज्यमंत्री भी रह चुके थे।
इस अवसर पर मंत्री विजय कुमार चौधरी, अशोक चौधरी, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, भागलपुर प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, पुलिस उप महानिरीक्षक सुजीत कुमार, डीएम सुब्रत कुमार सेन, एसएसपी नताशा गुड़िया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं प्रशंसक उपस्थित थे।

