चिराग की बड़ी मां बोली- पारस बाबू ने गलत किया, बाल-बच्चा का आगे बढना अच्छा नहीं लगता

खगड़िया। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. रामविलास पासवान की पहली पत्नी और चिराग पासवान की बड़ी मां राजकुमारी देवी ने चिराग को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने पर पहली प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी को चिराग पासवान को मंत्रिमंडल में जगह देनी चाहिए। रामविलास पासवान का उत्तराधिकारी चिराग है, इसलिए चिराग को ही मंत्री बनाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि पशुपति कुमार पारस ने ठीक नहीं किया। पारस और लोजपा के सांसदों ने रामविलास पासवान के साथ धोखा किया है।
बुधवार को राजकुमारी देवी चिराग को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किए जाने पर दुख जताते हुए कहती हैं, दुख छै। पारस बाबू (पशुपति कुमार पारस) ने गलत किया है। बाल-बच्चा के साथ ऐसा नहीं करना चाहिए था। उनको बाल-बच्चा का आगे बढना अच्छा नहीं लगता है।
राजकुमारी देवी चिराग को लेकर भावुक होते हुए कहती हैं, 9 जुलाई को चिराग यहां (शहरबन्नी) आ रहे हैं। उसे आशीर्वाद देंगे। पापा जैसा ही देश-दुनिया में नाम रौशन करे। मालूम हो कि आशीर्वाद यात्रा के क्रम में चिराग 9 जुलाई को शहरबन्नी आने वाले हैं। राजकुमारी देवी उस दिन चिराग के लिए चिकन, चावल व रोटी बनाएंगी। वे बताती हैं कि चिराग को चिकन पसंद है। चिराग की मां ने उन्हें यह बताया था। राजकुमारी देवी ने कहा कि चिराग युवा नेता है। बिहार के युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए चिराग पासवान लगातार प्रयासरत हैं। चिराग बिहार के युवाओं का पसंद है। वे पढ़ा-लिखा और अनुभवी है।
बता दें फिलहाल चिराग की बड़ी मां राजकुमारी देवी बीमार चल रही हैं। मधुमेह और ब्लड प्रेशर से परेशान हैं। बीते दिनों खगड़िया से डाक्टर ने शहरबन्नी आकर इलाज भी किया। राजकुमारी देवी ने बताया कि तबीयत बहुत ठीक नहीं रह रही है। पटना जाकर इलाज कराएंगी।

You may have missed