गोपालगंज में दिनदहाड़े मुखिया की गोली मारकर हत्या, इलाके में मची सनसनी
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिलें में बेखौफ बदमाशों ने एक मुखिया की गोली मारकर हत्या कर दी है। दिनदहाड़े हुई हत्या की इस वारदात से इलाके के लोगों में हड़कंप मच गया है। घटना थावे थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव की है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले के छानबीन में जुट गई है। बताया जा रहा है कि थावे थाना क्षेत्र के फुलुगनी पंचायत के मुखिया मो. कुरैश बाइक पर सवार होकर किसी काम से थावे जाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने नारायणपुर गांव के पास मुखिया पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। मुखिया के सिर में गोली लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक गुरुवार को मुखिया मो. कुरैश अपने ईंट भट्ठा पर जा रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उन्हें अपनी गोली का शिकार बना डाला। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और मुखिया के परिजनों में पुलिस के प्रति काफी आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले के छानबीन में जुट गई है। वही घटना की सूचना मिलने के बाद थावे थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस की टीम मामले की जांच में जुट गई है। हत्या की सूचना मिलने के बाद काफी संख्या में लोग सदर अस्पताल में पहुंच गए हैं। वही इन दिनों बिहार में बेखौफ अपराधी एक के बाद एक मुखिया को अपना निशाना बना रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि चुनावी रंजिश को लेकर वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। इससे पहले बेगूसराय में भी अपराधियों ने एक मुखिया की गोली मारकर हत्या कर दी थी।