October 28, 2025

अति पिछड़ों के साथ सभी बिहारियों को ठगे है नीतीश कुमार : संतोष महतो

  • प्रशांत किशोर व उनके जन सुराज से ही होगा बिहार का कायाकल्प

पटना। जदयू के वरिष्ठ नेता व जदयू अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष महतो ने जदयू से नाता तोड़ लिया है और जन सुराज के प्रणेता प्रशांत किशोर के नेतृत्व में आस्था जताते हुए जन सुराज की सदस्यता ग्रहण कर ली है। उन्होंने जदयू नेता व बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सभी बिहारियों को खासकर अति पिछड़ी जातियों को ठगने और उस समाज के लोगों के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। अपने आरोप में महतो ने कहा कि जब से नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव को अपना राजनीतिक उत्तराधिकारी घोषित किया है तब से अति पिछड़ा समाज सबसे ठगा महसूस कर रहा है। उक्त जानकारी आज यहां जारी एक बयान में जन सुराज के प्रदेश प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय कुमार ठाकुर ने दी है। महतो ने आगे कहा कि पीके के नेतृत्व वाले जन सुराज से ही सभी बिहारियों का कायाकल्प हो सकेगा। जन सुराज की सोंच बिहार और बिहारियों को विकसित करना है। इसमें सभी जाति, धर्म और पंथ के लिए उचित सम्मान है। ठाकुर ने बताया कि सारण के कद्दावर नेता महतो 1991 में जनता दल से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की। 2005 में जदयू से जुड़े और 2007 से 2010 तक JDU के सारण जिला अध्यक्ष बनाये गये। अपनी सांगठनिक क्षमता और लोकप्रियता से वे प्रदेश की राजनीति में पहुंचे और वर्ष 2010 से 2015 तक प्रदेश जदयू के उपाध्यक्ष बनाये गये। अति पिछड़ों में उनकी बढ़ती लोकप्रियता व सांगठनिक क्षमता से प्रभावित होकर नीतीश कुमार ने उन्हें वर्ष 2017 में जदयू अति पिछड़ा प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया।

महतो वर्ष 2017 से 2020 तक राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। अपने सत्तरह साल के राजनीतिक जीवन में वे नीतीश कुमार और RCP सिंह के काफी करीब रहे थे। आज़ जन सुराज के प्रणेता प्रशांत किशोर के समक्ष जन सुराज की सदस्यता ग्रहण करने के बाद महतो ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के गरीबों, अति पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों समेत सभी वर्गों के लोगों का भरोसा तोड़ा है तथा बिहारियों को अपनी किस्मत पर रोने के लिए छोड़ दिया है। विकास कुछ भी नहीं हुआ और शिक्षा व्यवस्था को चौपट कर उन्होंने गांव के गरीबों के साथ धोखाधड़ी की है। उन्होंने आगे कहा कि उन्हें एक मिनट भी सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है। वह इस मौके पर सारण के त्रिस्तरीय पंचायती राज से बिहार विधान परिषद सदस्य सच्चिदानंद राय, जन सुराज के चंपारण जिला संगठन प्रभारी व अवकाश प्राप्त आइएएस अधिकारी ए के द्विवेदी, मधुबनी समेत मिथिलांचल के संगठन प्रभारी व अवकाश प्राप्त DGP होमगार्ड आर के मिश्रा समेत अनेक जन सुराजी मौजूद थे। वही इस बीच मेहता के जन सुराज परिवार में शामिल होने पर सारण के जिला अध्यक्ष राम पुकार मेहता, महासचिव अभय सिंह, मुख्य प्रवक्ता कुलदीप महासेठ, प्रवक्ता आनन्द मोहन उर्फ गार्ड साहब, नीलेश गिरी समेत अनेक जन सुराजी नेताओं ने स्वागत किया है और बधाइयां दी है।

You may have missed