December 3, 2025

बिहटा में चइता महोत्सव: लोककला और संस्कृति का अद्भुत संगम, रामजानकी मंदिर प्रांगण बना संस्कृति का केंद्र

बिहटा, (मोनु कुमार मिश्रा)। नगर परिषद बिहटा स्थित ऐतिहासिक रामजानकी मंदिर प्रांगण में गुरुवार को चइता सांस्कृतिक महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में लोकसंस्कृति की विविध झलक देखने को मिली, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।.नारदी विद्या के सम्राट अजीत हलचल और लोकप्रिय लोकगायक अरविंद सिंह अभियंता ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में जान फूंक दी। दर्शक देर रात तक थिरकते रहे और हर गीत पर झूमते नजर आए। उभरते कलाकार छोटू राजा की मनमोहक प्रस्तुतियों ने खासकर युवाओं को आकर्षित किया। उनकी गायकी ने पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया और लोकगीतों की मिठास लोगों के दिलों तक पहुंचाई। कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री श्री जीवेश मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, पूर्व सांसद राम कृपाल यादव, जदयू नेता नीरज कुमार और बिक्रम के पूर्व विधायक अनिल शर्मा समेत कई राजनीतिक हस्तियों ने शिरकत की और लोककलाकारों को सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रमुख सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधियों के साथ सैकड़ों की संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही। समाजसेवी कुश कुमार ने अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। अतिथियों ने इस आयोजन को लोकसंस्कृति और पारंपरिक विरासत के संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया। चइता महोत्सव की यह संध्या न केवल मनोरंजन का माध्यम बनी, बल्कि लोकगीतों और सांस्कृतिक जड़ों को पुनर्जीवित करने का प्रयास भी साबित हुई।

You may have missed