पटना में कार ने दो बाइक को मारी टक्कर; दो युवक गंभीर रूप से ज़ख़्मी, ड्राइवर भागा
पटना। फतुहा में तेज रफ्तार कार ने दो बाइक को टक्कर मार दी। सड़क हादसे में दोनों बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में दोस्तों की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल से दोनों घायलों को पटना रेफर कर दिया गया। गोविंदपुर निवासी अचरज राय के बेटे डब्लू कुमार(20) और गढ़ोचक निवासी राजेंद्र राय के बेटे सुनील कुमार( 22) दोनों अपनी-अपनी बाइक से मोजीपुर से फतुहा बाजार की ओर जा रहे थे। दूसरी ओर बख्तियारपुर से तेज रफ्तार से स्विफ्ट डिजायर कार आ रही थी। तेज रफ्तार कार पुनपुन पुल पर अनियंत्रित हो गई और दूसरी तरफ से आ रही दोनों बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और टक्कर मारकर गाड़ी को घटनास्थल पर ही छोड़ चालक फरार हो गया। टक्कर लगने से दोनों बाइक पर सवार दो लोग सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए। वहीं डब्लू का दोस्त राजा कुमार वहां से गुजर ही रहा था। उसने दोस्त को सड़क पर गिरा हुआ देख गांव वालों की मदद से दोनों घायलों को फतुहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। यहां इलाज के बाद दोनों की हालत देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया। फतुहा थाना अध्यक्ष जयशंकर कुमार ने बताया कि दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों बाइक और एक स्विफ्ट डिजायर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


