नीतीश कैबिनेट का विस्तार 16 जून को; संतोष सुमन की जगह रत्नेश सदा बनेंगे मंत्री, कई नए चेहरे लेंगे शपथ
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कैबिनेट का विस्तार 16 जून को होने जा रहा है। इस कैबिनेट विस्तार में रत्नेश सदा को मंत्री बनाया जा रहा है। रत्नेश सदा सुबह 10:30 बजे मंत्री पद की शपथ लेंगे। इस दौरान सीएम नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव समेत महागठबंधन के तमाम नेता मौजूद रहेंगे। नीतीश कैबिनेट विस्तार में फिलहाल रत्नेश सादा को ही जगह मिली है इसके अलावा किसी नेता को इस कैबिनेट विस्तार में जगह नहीं दी गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता दल यूनाईटेड के सोनवर्षा विधायक रत्नेश सदा को मंगलवार को पटना बुलाया गया। उसके बाद अब इनको मंत्री बनाया जा रहा है। नीतीश कुमार केतरफ से इनके नाम पर अंतिम मुहर लगा दिया गया है। जदयू कोटे से एससी- एसटी विभाग का प्रभार उन्हें दिया जा सकता है। फिलहाल बिहार के राज्यपाल प्रदेश से बाहर है, अब उनके आगमन के बाद 16 जून को राजभवन में शपथ ग्रहण रखा गया है। रत्नेश सदा को मंत्री बनाए जाने को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव की आज बैठक ललन सिंह के साथ हुई थी। जिसमें यह फैसला लिया गया। जेडीयू विधायक को एक अणे मार्ग स्थित सीएम आवास पर बुलाया गया है। यहां उनसे काफी लंबी बातचीत के बाद यह आज इनका नाम तय कर लिया गया है। इनके मंत्री बनाए जाने को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी। वहीं, कांग्रेस ने भी दो मंत्री पद की मांग की है। मंगलवार को ही जीतन राम मांझी के पुत्र संतोष सुमन ने इस्तीफा दिया। इस तरह नीतीश कैबिनेट में तीन मंत्रियों के इस्तीफे के बाद विस्तार होना तय था। पहले ही जगदानंद सिंह के पुत्र सुधाकर सिंह और कार्तिक कुमार ने इस्तीफा दिया था और अब संतोष सुमन ने मंगलवार को इस्तीफा दिया है।


