February 20, 2026

पटना से जल्द मुजफ्फरपुर और वाल्मीकिनगर के लिए बसों का शुरू होगा परिचालन, लोगों का सफल होगा आसान

पटना। बिहार में परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने और यात्रियों को सुगम सफर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। जल्द ही पटना से मुजफ्फरपुर होते हुए वाल्मीकिनगर और भैंसालोटन तक बसों का परिचालन शुरू किया जाएगा। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSTC) इस दिशा में तैयारियां पूरी कर चुका है। यह सेवा न केवल यात्रियों को सुगमता प्रदान करेगी बल्कि पर्यटन और स्थानीय आवागमन को भी बढ़ावा देगी। पटना और मुजफ्फरपुर से वाल्मीकिनगर होते हुए भैंसालोटन तक सीधी बस सेवा शुरू की जा रही है। यह पहला अवसर है जब इस मार्ग पर निजी या सरकारी स्तर पर सीधी बसें चलाई जाएंगी। इस रूट की कुल दूरी 215 किलोमीटर है। अब तक वाल्मीकिनगर तक जाने के लिए यात्रियों को बेतिया और नरकटियागंज से निजी बस सेवाओं का सहारा लेना पड़ता था। नई सेवा के शुरू होने से वाल्मीकिनगर और भैंसालोटन में स्थित महर्षि वाल्मीकि के ऐतिहासिक आश्रम तक पहुंचना अधिक सुविधाजनक हो जाएगा।  इस रूट पर दो बसें प्रतिदिन चार फेरे लगाएंगी। बसों के खुलने और गंतव्य तक पहुंचने के समय का निर्धारण भी कर लिया गया है, जिससे यात्रियों को समयबद्ध और सुगम यात्रा का अनुभव मिलेगा। सीतामढ़ी से पटना इस रूट पर दो बसें प्रतिदिन चार फेरे लगाएंगी। यह रूट सीतामढ़ी से बैरिया, भगवानपुर, सरैया, जतकौलीघाट और लालगंज होते हुए पटना तक का सफर तय करेगा। इस रूट से लालगंज और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लाखों लोगों को सीधी बस सेवा का लाभ मिलेगा। अभी तक इस रूट पर कोई बस सेवा उपलब्ध नहीं थी, जिससे यात्रियों को निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता था। पूर्वी चंपारण के अरेराज से साहेबगंज, देवरिया, छपरा और हाजीपुर होते हुए पटना तक बस सेवा शुरू होगी। यह सेवा खासकर साहेबगंज और देवरिया के निवासियों के लिए लाभकारी होगी, जिन्हें छपरा मुख्यालय तक जाने में अब आसानी होगी। रक्सौल से पटना के बीच सुगौली, मोतिहारी, इमलीचट्टी, मुजफ्फरपुर और हाजीपुर होते हुए बस सेवा शुरू की जा रही है। इस रूट पर भी बसें दिन में दो फेरे लगाएंगी। इन सेवाओं को शुरू करने का निर्णय तिरहुत प्रमंडल, मुजफ्फरपुर क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण द्वारा लिया गया है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSTC) को इन रूट्स पर बस परिचालन की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। बस सेवाओं के समय, मार्ग और गंतव्यों को यात्रियों की जरूरतों के अनुसार तय किया गया है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा शुरू की जा रही नई बस सेवाएं न केवल यात्रियों के सफर को आसान बनाएंगी, बल्कि राज्य के विकास में भी योगदान देंगी। पटना-मुजफ्फरपुर-वाल्मीकिनगर रूट के साथ अन्य नए रूट्स पर बस परिचालन से परिवहन व्यवस्था में सुधार होगा और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा। अब यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और समयबद्ध सेवा का लाभ मिलेगा, जो राज्य की परिवहन व्यवस्था के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा।

You may have missed