February 22, 2026

नालंदा में मूर्ति विसर्जन के दौरान विवाद में चली गोलियां, एक युवक घायल

नालंदा, बिहार। नालंदा के बिंद थाना क्षेत्र के छतरपुर गांव में बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की। फायरिंग में एक युवक गोली लगने से जख्मी हो गया है। जख्मी युवक की पहचान छतरपुर गांव निवासी रामधीन यादव का पुत्र बिट्टू कुमार है। घटना के संबंध में जख्मी ने बताया कि वह अपने गांव स्थित देवस्थान तालाब में मूर्ति विसर्जन के लिए गया हुआ था। पहले से घात लगाए गांव के ही कुछ लोगों के साथ करीब 1 दर्जन बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसमें एक गोली उसके सीने में लग गई। जख्मी युवक का चाचा के साथ गांव के ही कुछ लोगों के साथ जमीनी विवाद चल रहा था। इसी में आज शाम मूर्ति विसर्जन के दौरान बिट्टू कुमार को टारगेट करते हुए बदमाशों ने गोली मार दी।

गोली मारने का आरोप सगे भाई मुकेश कुमार और जुलुम यादव पर लग रहा है। इसके साथ करीब 10 की संख्या में बदमाशों ने फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। जख्मी युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए पीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। बिंद थाना अध्यक्ष अभय कुमार ने बताया कि जमीनी विवाद में एक युवक को गोली मारी गई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जांच में जुट गई है। घायल युवक को इलाज के लिए बिहार शरीफ रेफर कर दिया गया है।

You may have missed