November 17, 2025

बिहार विधानसभा में 3.17 लाख करोड़ का बजट पेश, 52 नई घोषणाएं, शिक्षा पर 60 हजार करोड़ खर्च होंगे

पटना। वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने विधानसभा में 3.17 लाख करोड़ रुपए का बिहार का बजट पेश किया है। नीतीश सरकार सबसे ज्यादा 60 हजार करोड़ से ज्यादा शिक्षा पर खर्च करेगी। वहीं स्वास्थ्य सुविधा में 20 हजार 335 करोड़ खर्च किए जाएंगे। बजट में 52 नई घोषणाएं की गई हैं। इसमें महिलाओं के लिए कई बड़ी घोषणा की गई है। जिनमें स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन में महिलाओं को नौकरियों में 33% आरक्षण दिया जाएगा। महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट बनाए जाएंगे। बड़े शहरों में पिंक बस सर्विस शुरू होगी, जो महिलाओं के लिए होगी। इसमें ड्राइवर-कंडक्टर भी महिलाएं ही होंगी। सरकार की ओर से हर पंचायत में विवाह मंडप बनाया जाएगा। जहां गरीबों लड़कियों की शादी कराई जाएगी। प्रमुख शहरों में कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा एवं स्वस्थ वातावरण देने के लिए हॉस्टल खुलेंगे। वहीं किसानों के लिए बड़ा ऐलान करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि, ‘सरकार MSP पर अरहर, मूंग और उड़द की दाल खरीदेगी। हर ब्लॉक में कोल्ड स्टोरेज खोले जाएंगे। विधानसभा में जब सम्राट चौधरी बजट भाषण पढ़ रहे थे तो वहीं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मंद-मंद मुस्कुराते दिखाई दिए।
पिछले साल से 38 हजार करोड़ अधिक का बजट
सदन में सम्राट चौधरी ने बताया कि, ‘राजकोषीय घाटा निर्धारित सीमा से 3% नीचे है। मौजूदा वर्ष से अगले साल का बजट 38 हजार करोड़ अधिक है। आर्थिक सेवा में 25 हजार 262 करोड़ रुपए का प्रस्ताव किया गया है। बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड के लिए एक हजार करोड़ तय किए गए हैं। नीतीश सरकार सरकार 2819 करोड़ रुपए का लोन चुकाएगी। इसमें से 1600 करोड़ केंद्र को देना है।’
बजट से पहले वित्त मंत्री ने की पूजा
विधानसभा में बजट पेश करने से पहले वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने घर में पूजा की। पूजा करने के दौरान उन्होंने बजट की कॉपी घर में बने मंदिर में रखी। पूजा के बाद उन्होंने फोल्डर हाथ में उठाकर दिखाया।
3 महीने में पूर्णिया एयरपोर्ट शुरू होगा
पूर्णिया में अगले तीन महीने में एयरपोर्ट चालू हो जाएगा। इसके साथ ही बिहार के 7 शहरों में एयरपोर्ट का प्रस्ताव भेजा जाएगा। इसमें भागलपुर, सहरसा, मुंगेर,रक्सौल, राजगीर आदि शहर शामिल हैं। इसमें रक्सौल और राजगीर में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट बनेंगे।
केंद्र के साथ बिहार का विकास
वित्त मंत्री ने कहा- ‘केंद्र के साथ मिलकर राज्य का विकास किया जा रहा है। बिहार को प्राथमिकता देने के लिए प्रधानमंत्री जी का आभार। नीतीश जी के नेतृत्व में सरकार ने तेजी से विकास किया।’

You may have missed