PATNA : उपमुख्यमंत्री ने राज्य के निर्माण में गांधी जी के बताए मार्ग पर चलने का किया आह्वान
- गांधीजी पर आधारित ‘भारतीय राजनीति और अहिंसा’ पुस्तक का विमोचन
पटना। अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, बिहार इकाई के तत्वावधान में शनिवार को पटना के तारामंडल सभागार में महात्मा गांधी की जयंती के अवसर समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की शुरूआत जेडी वीमेन्स कॉलेज की प्रोफेसर रीता दास ने भजन गाकर किया। वहीं प्रदेश महिला उपाध्यक्ष सुनंदा केसरी ने स्वागत भाषण दिया। इसके बाद समारोह का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने संयुक्त रूप से द्वीप प्रज्जवलित कर किया। इस मौके पर अति-सम्मानीय अतिथि प्रो. (डॉ.) राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता, सदस्य, बिहार विधान परिषद् एवं सिडिकेट मेम्बर (पीपीयू), मुख्य वक्ता प्रो. (डॉ.) तपन कुमार शांडिल्य, पूर्व कुलपति एवं वर्तमान प्राचार्य, कॉलेज आफ कॉमर्स, अति विशिष्ट अतिथि प्रो. (डॉ.) एसपी शाही, प्राचार्य, एएन कॉलेज, वहीं विशिष्ठ अतिथि के रूप में प्रो. डॉ. प्रवीण कुमार, प्राचार्य, बी.डी. कॉलेज और प्रो. (डॉ.) प्रमोदानन्द दास, इतिहासकार, पटना विवि भी मौजूद थे। वहीं समारोह की अध्यक्षता प्रो. (डॉ.) जयदेव मिश्रा, पूर्व विभागाध्यक्ष, पुरातत्व एवं प्राचीन इतिहास विभाग, पटना विवि ने किया। इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता, विभागाध्यक्ष, इतिहास विभाग, बीडी कॉलेज के द्वारा लिखित पुस्तक ‘गांधीजी पर आधारित भारतीय राजनीति और अहिंसा’ का विमोचन अतिथियों के द्वारा किया गया। इस दौरान पुस्तक का अतिथियों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।


उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने समारोह को संबोधित करते हुए व्यवसायियों, बुद्धिजीवियों, छात्रों आदि से राज्य के निर्माण में गांधी जी के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने धैर्य और संयम से काम करने का सुझाव दिया। वहीं स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने गांधी जी के बताए मार्ग का अनुसरण करने की बात कही।
वहीं प्रो. गुप्ता ने आए अतिथियों को धन्यवाद करते हुए सभागार में मौजूद लोगों को गांधी जयंती के मौके पर गांधी जी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दिलाया, कहा कि उनके बातों का अपने जीवन में अनुसरण करके ही राष्ट्र एवं राज्य का निर्माण हो सकता है।
कार्यक्रम के शुरूआत में प्रो. (डॉ.) जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता ने उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद को बुके और शॉल देकर सम्मानित किया। वहीं कार्यकारी अध्यक्ष अजय प्रकाश ने गांधी जी के जीवनी पर प्रकाश डाला तो कृष कुमार आजाद ने अपने विचारों से लोगों को अवगत कराया, जबकि प्रो. विनोद कुमार मंगलम ने गांधी जयंती पर अपनी बातों को रखते हुए पुस्तक की जमकर प्रशंसा की। समारोह में बिहार के विभिन्न जिलों से प्रतिनिधियों ने भाग लिया। मंच का संचालन महासम्मेलन के कोषाध्यक्ष सौरभ भगत ने किया। जबकि धन्यवाद ज्ञापन महिला प्रदेश अध्यक्ष कृष्णा शगुन ने किया।

