October 28, 2025

संविधान को आघात पहुंचा रही है भाजपा, 2024 में इनकी विदाई निश्चित : उमेश कुशवाहा

पटना। आज खगड़िया जिला के अलौली विधानसभा में जदयू द्वारा एकदिवसीय कर्पूरी चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पार्टी के माननीय प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। वही इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के जिला अध्यक्ष बबलू कुमार मंडल एवं मंच का संचालन उपाध्यक्ष लोहा सिंह मुखिया ने किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने देश की जनता के साथ वादाखिलाफी किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 के लोकसभा चुनाव में देश की आम आवाम से अच्छे दिन लाने का वादा किया था लेकिन बीते 10 वर्षों में देश की जनता ने अपने सबसे बुरे दिन को अनुभव किया है। प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर ने सत्ता का उपयोग जनसेवा के लिए किया। उन्होंने शोषितों और वंचितों को आवाज दी। वो भले आज हमारे बीच मौजूद नहीं है लेकिन उनके द्वारा किया गया कार्य आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने आगे कहा कि नीतीश कुमार जननायक के विचारों पर चलते हुए उनके अधूरे सपनों को पूरा करने में लगे हुए हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि देश में आज जो स्थिति है वह पहले कभी नहीं थी। हाल के दिनों में जारी हुए वैश्विक भुखमरी सूचकांक में भारत अब तक के सबसे निचले पायदान पर है, यह दर्शाता है कि मोदी सरकार ने गरीबी और भुखमरी से निपटने के लिए कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की सरकार सभी मोर्चा पर निक्कमी साबित हुई है, एक भी वादा माननीय प्रधानमंत्री ने अब तक पूरा नहीं किया। उनका पूरा फोकस सिर्फ अपने प्रचार-प्रसार पर है। प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि देश की आम जनता का पैसा लूट कर मोदी सरकार अपने चहेते उद्योगपतियों का खजाना भर रही है। वही इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से पार्टी के नेता मो. अलीम अंसारी, प्रमंडल प्रभारी मुकेश विद्यार्थी, प्रदेश महासचिव साधना देवी, नूतन सिंह पटेल, नीलम वर्मा, पंकज पटेल, अजय मंडल, राकेश पासवान शास्त्री, उमेश सिंह पटेल, अशोक सिंह, सुनील सिंह, मनीष कुमार, नितेश सिंह पटेल, सावन कुमार बंटी, चंदन कुमारी, निर्मला कुमारी, मोहम्मद फिरदौस आलम, अनुज कुमार शर्मा, मोहन सिंह, हरिनंद सिंह, अमरेंद्र सिंह सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

You may have missed