BIHAR : BJP के प्रदेश प्रवक्ता को अपराधियों ने मारी कनपटी में गोली, जमालपुर कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य गिरफ्तार, संजय जायसवाल ने की डीजीपी से बात

मुंगेर। बिहार में एक बार फिर अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुलिस अधिकारियों को प्रदेश में लॉ एंड आॅर्डर को लेकर बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद अपराधों की संख्या में कमी नहीं आयी है। बुधवार को मुंगेर में बिहार की सत्तारूढ़ पार्टी भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता और जमालपुर कॉलेज के प्रोफेसर 59 साल के अजफर शम्शी को घात लगाए अपराधियों ने जमालपुर कॉलेज कैंपस में गोली मार दी है। उनके शरीर में दो गोलियां लगी हैं। इसमें एक गोली कनपटी में लगने के बाद फंस गई है। गंभीर हालत में उन्हें सदर हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां पर उनका सीटी स्कैन किया गया, उसके बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। जमालपुर कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य को गिरफ्तार किया गया है और पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर गहन तहकीकात कर रही है। इधर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने इसे बेहद दुखद घटना बताते हुए अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। जायसवाल ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। मेरी शम्शी जी से बात हुई है। वे ठीक हैं। इस घटना पर मैंने डीजीपी से बात की है, उन्होंने एसपी को इस मामले में तुरंत कार्रवाई करने को कहा है।


कॉलेज कैंपस में घात लगाए थे 4-5 अपराधी
मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और जमालपुर कॉलेज के प्रो. अजफर शम्शी घर से कॉलेज के लिए निकले थे। कार ड्राइवर चला रहा था। कॉलेज कैंपस में पहुंचने के बाद वे कार से उतरे। इसी दौरान कॉलेज कैंपस में पहले से घात लगाए 4-5 अपराधियों ने हथियार निकाला और उन्हें टारगेट करते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी और वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहे। अचानक फायरिंग होने से कॉलेज कैंपस में भगदड़ मच गई। अपराधियों के जाने के कुछ देर बाद वहां मौजूद लोगों ने गोली लगने से गंभीर रूप से घायल भाजपा नेता को अस्पताल पहुंचाया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही जमालपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी। कॉलेज कैंपस और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।
कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य गिरफ्तार
मुंगेर के एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने कहा कि परिजनों के बयान पर जमालपुर कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य ललन प्रसाद सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। ललन प्रसाद के साथ अजफर शम्शी का कॉलेज के हैंडओवर-टेकओवर को लेकर विवाद चल रहा था। हालांकि घटना के पीछे आईटीसी वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष पद को लेकर चल रहा विवाद भी सामने आ रहा है।


बेटा बोला- हत्या की धमकियां मिलती रहती थीं
अजफर शम्शी के बेटे असद शम्शी ने बताया कि उनके पिता पर लगातार जान का खतरा बना हुआ था। जमालपुर कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य ललन प्रसाद सिंह से भी उनका विवाद चल रहा था। आईटीसी वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष पद को लेकर भी झंझट था। असद के अनुसार, उनके पिता को फोन पर जान से मारने की धमकियां मिलती रहती थी। इस संबंध में उनके पिता ने एफआईआर भी दर्ज करवाई थी। इसमें एक आरोपित अभी जेल में है। उसकी जमानत अर्जी जिला कोर्ट की ओर से रद्द हो चुकी है।

You may have missed