नीतीश सरकार का बड़ा फैसला : अब दुकानें होंगी शाम 4 बजे बंद, शाम 6 से सुबह 6 बजे तक रहेगा नाईट कर्फ्यू, देखें पूरी लिस्ट
file photo
पटना। बिहार में लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामले को देखते हुए इसके रोकथाम के लिए नीतीश सरकार ने बुधवार को बड़ा फैसला लिया है। अब 4 बजे ही दुकाने बंद हो जायेंगी। शादी समारोह में सिर्फ 50 लोग रहेंगे, जबकि अंतिम संस्कार में 20 लोग। शादी में डीजे पर पूर्णत: बैन रहेगा।
बता दें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार दो दिन मैराथन मीटिंग कर कोरोना के हालात का जायजा लिया था। बीते मंगलवार को सीएम नीतीश ने बिहार के सभी जिलों के एसपी-डीएम के साथ वीसी के माध्यम से कोरोना की स्थिति की समीक्षा की थी और कहा था कि बुधवार को आपदा प्रबंधन की बैठक के बाद कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए निर्णय लिया जाएगा। इसके बाद आज भी सीएम नीतीश ने अधिकारियों के साथ बैठक की। कोरोना संकट में आगे क्या किया जाये, इसको लेकर क्राइसिसि मैनेजमेंट ग्रुप (सीएमजी) की बैठक हुई।
दो अधिकारियों ने सरकार के निर्णय की दी जानकारी
सीएमजी की बैठक में लिये गए निर्णय की जानकारी विकास आयुक्त आमिर सुबहानी एवं स्वास्थ्य प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मीडिया को दिया। दोनों अधिकारियों ने संयुक्त रूप से बताया कि आज की बैठक में कोरोना संक्रमण रोकने को क्या किये जायें, इस पर विचार किया गया। प्रत्यय अमृत ने बताया कि कल से शाम छह बजे के बजाए 4 बजे ही दुकाने बंद हो जायेंगी। अभी शाम 6 बजे दुकानें बंद करने का समयसीमा निर्धारित था। वहीं शाम का कर्फ्यू अब रात 9 बजे की बजाए शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक रहेगा। भीड़ वाले बाजारों को डीएम बंद करा सकते हैं या दूसरे जगह शिफ्ट कर सकते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि शादी समारोह में 100 की जगह अब सिर्फ 50 लोग रहेंगे, जबकि अंतिम संस्कार में 50 की जगह अब 20 लोग रहेंगे। शादी में कर्फ्यू रात 10 बजे से प्रभावी रहेगा। डीजे पर पूर्णत: बैन रहेगा। कोरोना से मरने वालों का सरकारी खर्च पर अंंतिम संस्कार होगा। आॅफिस में 25 फीसदी उपस्थिति पर काम होगा और शाम चार बजे ही बंद करना होगा। रेस्टोरेंट में रात 9 बजे तक खाना ले जाने की अनुमति होगी।






