December 5, 2025

RJD ने 26 मार्च को किया बिहार बंद का ऐलान, तेजस्वी ने अधिकारियों को दी चेतावनी, कहा….

पटना। बिहार विधानसभा में मंगलवार को हुई घटना के विरोध में राजद ने 26 मार्च को बिहार बंद का ऐलान किया है। 10 सर्कुलर रोड पर संवाददाताओं से बातचीत के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक बार फिर से बिहार के अधिकारियों को अप्रत्यक्ष तौर पर चेतावनी दी है। तेजस्वी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए शर्म और नैतिकता बेचने का आरोप लगाया। इसके साथ उन्होंने ताबड़तोड़ ट्वीट कर सीएम नीतीश पर हमला बोला। राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर जी की पंक्तियों के सहारे कार्यकर्ताओं का हौसला बुलंद किया।
अधिकारियों को समझना पड़ेगा कि…
उन्होंने कहा कि अधिकारियों को समझना पड़ेगा कि सरकार कब पलट जाएगी, ये कोई नहीं जानता है, इसलिए सबको यह देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे ऊपर जानलेवा हमला हुआ है, मेरे पास विधानसभा में हुई घटना की बहुत सारी फुटेज मौजूद हैं। लोकतंत्र में इस तरह से सत्ता नहीं चलती है। बिहार पुलिस जदयू पुलिस हो गई है। हम भाजपा नहीं हैं, जो डर जाएंगे। हमारा आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने बिहार सशस्त्र पुलिस विधेयक को वापस लेने की मांग की है।
बंदूक की नोक पर विधेयक को कराया गया पास
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि बंदूक की नोक पर विधेयक को पास कराया गया और नीतीश जी उन्हें क्लीन चिट दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में ब्यूरोक्रेसी हावी है। तेजस्वी ने कहा कि बिहार में लोकतंत्र को तार-तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री पर भी कई सवाल उठ रहे हैं।
कांग्रेस ने राजद के बिहार बंद को दिया समर्थन
तेजस्वी ने आगे कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज करवाया गया और मेरे ऊपर पत्थर फेंके गए। लोकतंत्र के मंदिर विधानसभा में विधायकों को पिटवाने का काम किया गया। महिला विधायकों के साथ दुर्व्यवहार किया गया। इसकी मुख्यमंत्री ने निंदा तक नहीं की है। उन्होंने बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस विधेयक 2021 पूरी तरह काला कानून बताया। उन्होंने 26 मार्च को बिहार बंद का ऐलान करते हुए कहा कि हम बिलकुल चुप नहीं बैठेंगे। कांग्रेस ने राजद के बिहार बंद को अपना समर्थन दिया है।
ताबड़तोड़ ट्वीट कर सीएम नीतीश पर हमला
इसके साथ उन्होंने ताबड़तोड़ ट्वीट कर सीएम नीतीश पर हमला बोला है। उनके ट्वीट से यह लग रहा है कि तेजस्वी अब करो या मरो पर उतारू का गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, बिहार विधानसभा में सीएम द्वारा लोकतंत्र का चीरहरण, विधायकों की पिटाई, बेरोजगारी, महंगाई, किसान बिल के विरुद्ध कल, 26 मार्च को पूरे महागठबंधन ने बिहार बन्द का आह्वान किया है। सभी बिहारवासी इस बन्द में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें और इस अहंकारी सरकार के विरुद्ध आवाज बुलंद करें।

वहीं उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा, लोहिया जयंती और भगत सिंह के शहादत दिवस 23 मार्च पर सीएम नीतीश कुमार ने अपनी पुलिस से करोड़ों लोगों द्वारा निर्वाचित माननीय सदस्यों को जूतों से पिटवाने तथा सदन के अंदर लाठी-बंदूक की नोक पर काला बिहार सशस्त्र पुलिस बल विधेयक पास करा लोकतंत्र को शर्मसार करने का कलंकित कार्य किया।
वह यहीं नहीं रूके, उन्होंने अपने एक और ट्वीट में विधानसभा मार्च के दौरान गिरफ्तारी के दौरान पुलिस वैन में बैठे फोटो के साथ राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर जी की पंक्तियों के सहारे कार्यकर्ताओं का हौसला बुलंद करते हुए लिखा,
मत झुको अनय पर भले व्योम फट जाये
दो बार नहीं यमराज कण्ठ धरता है
मरता है जो एक ही बार मरता है

तुम स्वयं मृत्यु के मुख पर चरण धरो रे
जीना हो तो मरने से नहीं डरो रे!

वीरत्व छोड़ पर का मत चरण गहो रे
जो पड़े आन खुद ही सब आग सहो रे!

-राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर जी

You may have missed