सीएम नीतीश बिहार को नीली क्रांति राज्य बनाने को कृत संकल्पित: राजीव
पटना। जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि बिहार में जलश्रोतों की सर्वाधिक उपलब्धता है जिसके कारण मत्स्य उत्पादन में हमारी भूमिका अग्रणी है। राज्य में जल कृषि के विकास हेतु राज्य सरकार की ओर से विभिन्न विकासोन्मुखी कदम उठाए गए हैं। नये तालाब का निर्माण, मत्स्य बीज हैचरी का निर्माण, मत्स्य अंगुलिकाओं का वितरण, आद्रभूमि का विकास, रियरिंग तालाब का निर्माण इत्यादि विभिन्न योजनाएं कार्यान्वित की जा रही है। इन योजनाओं के कार्यान्वयन से राज्य में मत्स्य उत्पादन में वृद्धि हुई है और मत्स्य पालक आर्थिक रूप से लाभान्वित हो रहे हैं। श्री प्रसाद ने कहा कि राज्य के मछुआरों को मछलीपालन के लिए 90 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। मछली उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए नई तकनीक को अपनाया जा रहा है। कम पानी और कम खर्च में अधिक से अधिक मछली उत्पादन करने के लिए जिले के मत्स्य पालकों को बायोफ्लक एवं रिसर्कुलर एक्वाकल्चर सिस्टम से जोड़ने की सरकार तैयारी कर रही है। इसके लिए विभाग द्वारा किसानों, मत्स्य पालकों को चयनित कर उनको हमारी सरकार द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। मछली पालकों को राज्य के बाहर और अंदर के अच्छे संस्थानों में आधुनिक मछली पालन की जानकारी दी जा रही है। श्री प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार को नीली क्रांति राज्य बनाने के लिए कृत संकल्पित हैं।


