घने कोहरे की चपेट में बिहार; 33 जिलों में यलो अलर्ट जारी, बनेंगे कोल्ड डे जैसे हालात

पटना। बिहार में पछुआ हवा ने ठंड बढ़ा दी है। सुबह पूरा बिहार घने कोहरे की चपेट में रहा। मंगलवार को मौसम विभाग ने 33 जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। 10 जनवरी को बारिश का भी अलर्ट है। इधर, ठंड को देखते हुए आज से पटना के स्कूलों का समय भी बदल दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 2 से 3 दिन में ठंड बढ़ने की संभावना है। विभाग की माने तो जैसे-जैसे पछुआ की रफ्तार बढ़ेगी, वैसै-वैसे कोहरा घटेगा और कनकनी बढ़ेगी। दोपहर में धूप निकलने के बावजूद राज्य के कई जिलों में ठंड का प्रभाव दिखेगा। मौसम विभाग ने मंगलवार को 33 जिलों में घने स्तर के कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इसमें जमुई, मुंगेर, भागलपुर, खगड़िया, समस्तीपुर, दरभंगा मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, सारण, सीवान, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, पटना, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, नवादा, गया, जहानाबाद, औरंगाबाद, अरवल, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, बांका, और गोपालगंज शामिल है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य भर में सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान में कमी कैमूर में दर्ज की गई है। यहां के न्यूनतम तापमान में 2.6 डिग्री की गिरावट देखने को मिली है। इसके अलावा गोपालगंज के तापमान में 2 डिग्री, नवादा के तापमान में 2.01 डिग्री बक्सर के तापमान में 1.9 डिग्री पटना में एक डिग्री, मुजफ्फरपुर में एक डिग्री, डेहरी में 0.5 डिग्री, दरभंगा में 0.6 डिग्री न्यूनतम तापमान नीचे आया है। इसके अलावा पूसा, मोतिहारी, जीरादेई, जमुई व अन्य शहरों के न्यूनतम तापमान में आंशिक गिरावट आई है। वहीं, मौसम विज्ञान एक आशीष कुमार ने कहा है कि 12 जनवरी से पछुआ हवा का प्रभाव पूरे दक्षिण बिहार में बढ़ाने वाला है। जिसके कारण से कनकनी भी बढ़ेगी और कई जिलों में कोल्ड दे जैसे हालात बन सकते हैं। पटना में ठंड के कारण स्कूलों का समय बदल दिया गया है। पटना के डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने स्कूलों को आदेश जारी कर दिया है।

You may have missed