बिहार में कोरोना का कहर : एनएमसीएच में पटना के 7, जहानाबाद के 1 की मौत, मधेपुरा में दो की मौत, ईएसआईसी बिहटा में बेड भरे

पटना। बिहार में कोरोना का कहर चरम पर है। प्रतिदिन मौतों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो रही है। पटना के एनएमसीएच में 8 मौतें हो चुकी हैं। मरने वालों में पटना के सात और जहानाबाद के एक मरीज शामिल हैं। सोमवार की सुबह पूर्व मंत्री मेवालाल चौधरी की कोरोना से मौत हो गई। प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पं. दीपक मिश्रा भी नहीं रहे। बेगूसराय के समाजसेवी मुचकुंद कुमार मोनू की भी जान चली गई। गया के गरुआ से रिपोर्टिंग करने वाले 30 वर्षीय पत्रकार मनीष कुमार का मगध मेडिकल अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उधर, कोरोना से माली लाल बाबू की मौत की खबर के बाद विधान परिषद पर भी ताला लग गया है। 24 घंटे के भीतर प्रदेश में 3 पुलिसकर्मियों की भी जान चली गई है। मोतिहारी के दारोगा त्रिलोकि नाथ राय, विशेष शाखा के इंस्पेक्टर जयदेव भगत और कियूल जीआरपी इंस्पेक्टर राज किशोर प्रसाद की जान चली गई। इधर, अस्पतालों में बेड और आक्सीजन की किल्लत बरकरार है।
एनएमसीएच के मृतकों में पांच की उम्र 50 पार
एनएमसीएच में सोमवार को आठ कोरोना मरीजों की मौत हुई है, इनमें पटना के सात और जहानाबाद का एक मृतक है। पटना के कदमकुआं (मछुआटोली) के 65 वर्षीय के गोपाल घोष, जक्कनपुर (चित्रगुप्त नगर) के 57 वर्षीय राम नरेश तिवारी, प्रताप नगर के 37 वर्षीय संजीव कुमार, जगदेव पथ की 56 वर्षीय मंजू देवी, शेखपुरा के 63 वर्षीय विजय कुमार, मसौढ़ी के 46 वर्षीय तपेश्वर सिंह और 65 वर्षीय अनुल हक के अलावा जहानाबाद के 42 वर्षीय रंजीत कुमार गुप्ता की भी मौत हुई है।
मधेपुरा में दो की मौत
मधेपुरा में दो लोगों की कोरोना से मौत हो गई है। एक युवक की शादी 26 अप्रैल को होने वाली थी। दिल्ली से शॉपिंग करके वह घर लौटा था। मृतक का बड़ा भाई भी मेडिकल कॉलेज में भर्ती है।
ईएसआईसी बिहटा में भी भरे बेड
पटना के बिहटा में 50 बेड का ईएसआईसी अस्पताल में भी बेड भर गए हैं। ताजा जानकारी के अनुसार यहां मौजूद आक्सीजन वाले 26 बेड फुल हो चुके हैं। आईसीयू वाले 6 बेड में 5 पर मरीज भर्ती हैं। अब यहां से भी मरीजों को लौटाया जा रहा है। भर्ती नहीं होने के कारण एक मरीज की मौत हो चुका है।
राजद विधायक बच्चा पांडेय कोरोना संक्रमित
बड़हड़िया से राजद विधायक बच्चा पांडेय भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्हें पटना में भर्ती कराया गया है।
पुलिसकर्मियों के लिए सुविधाओं की मांग


24 घंटे के भीतर प्रदेश में 3 पुलिसकर्मियों की जान चली गई है। मोतिहारी के दारोगा त्रिलोकि नाथ राय, विशेष शाखा के इंस्पेक्टर जयदेव भगत की मृत्यु हो गई। वहीं, सोमवार की सुबह 9:39 में आक्सीजन की कमी से बीमार कियूल जीआरपी इंस्पेक्टर राज किशोर प्रसाद की जान चली गई। वहीं इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार अपने घर एजी कॉलोनी में कोरोना से पीड़ित होकर जीवन से संघर्ष कर रहे हैं। बिहार पुलिस पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्युंजय सिंह ने आरोप लगाया है कि कई बार फोन लगाने के बावजूद डीजीपी फोन नहीं उठा रहे हैं। व्हॉटसएप के जरिए संक्रमित होने पर पुलिसकर्मियों के इलाज के लिए हॉस्पिटल में कुछ बेड की सुविधा करने की मांग की गई है।
सुपौल में अब तक 15 की मौत
सुपौल जिले के नगर पंचायत वीरपुर वार्ड-13 के निवासी सिंघेश्वर प्रसाद की मौत हो गई। 70 साल के सिंघेश्वर प्रसाद की 3 दिन पहले कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जिले में सरकारी आंकड़े के मुताबिक कोरोना ने अब तक 15 लोगों की जान ले ली है।

You may have missed