बिहार कांग्रेस के नेता ने भेजा कंगना राणावत को कानूनी नोटिस-कहा देश के सभी स्वतंत्रता सेनानी के परिजनों को पहुंचा आघात
पटना।फिल्म अभिनेत्री तथा पद्मश्री सम्मानित कंगना राणावत के द्वारा दिया गया विवादित बयान के बाद उठता तूफान थमने का नाम नहीं ले रहा।बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ई. वेंकटेश रमन ने कानूनी नोटिस भेजकर कंगना राणावत से अपने बयान पर सार्वजनिक तथा लिखित माफी मांगने को कहा है।बिहार कांग्रेस के नेता ई. वेंकटेश रमन ने वकील के माध्यम से नोटिस भेजा है।अपने नोटिस में उन्होंने जिक्र किया है कि उनके दादा रामनंदन शर्मा आजादी की लड़ाई के दौरान 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लेकर मात्र 14 वर्ष की आयु में 18 महीने के लिए जेल में रहे।उन्हें गर्व है कि वे स्वतंत्रता सेनानी के परिवार से हैं।उन्होंने कहा कि कंगना राणावत के द्वारा 15 अगस्त 1947 को मिली आजादी को भीख में मिली आजादी बताए जाने के बाद वे तथा उनका परिवार बेहद अपमानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरा देश कंगना राणावत के बयान से आक्रोश में है।वे खुद काफी व्यथित महसूस कर रहे हैं। इसलिए उन्होंने फिल्म अभिनेत्री कंगना राणावत को अपने बयान पर सार्वजनिक तथा लिखित माफी मांगने के लिए अपने वकील के माध्यम से नोटिस भेजा है। उन्होंने कहा कि नोटिस में उल्लेखित समय के पूर्व अगर कंगना राणावत सार्वजनिक माफी नहीं मांगती है।तो उनके खिलाफ मुकदमा करेंगे।उन्होंने कहा कि कंगना राणावत के इस बयान से इस देश के सभी स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को गहरा आघात पहुंचा है।उन्होंने कहा कि इस किस्म के बयान देने पर सरकार को खुद कार्रवाई करनी चाहिए थी।परंतु जब सरकार कार्रवाई नहीं कर रही है। तब ऐसे समय में स्वतंत्रा सेनानी के परिवार के वारिस होने के कारण वे स्वयं न्यायालय के माध्यम से इंसाफ पाकर रहेंगे।


