Big breaking- बिहार में 2 आईपीएस ,4 डीएसपी तथा 1 एसडीओ समेत 13 अधिकारी सस्पेंड, एक्शन में नीतीश सरकार
पटना। बिहार में अवैध बालू खनन को लेकर हो-हल्ला मचने के बाद बिहार सरकार पूरी तरह से सख्ती के मूड में आ गई है। सरकार ने मंगलवार को इस बाबत कड़ा एक्शन लेते हुए आर्थिक अपराध ईकाई (ईओयू) की जांच रिपोर्ट के आधार पर दो आईपीएस, 4 डीएसपी, एक एसडीओ समेत 13 अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। सरकार की इस कार्रवाई के बाद हड़कंप मच गया है। सबसे बड़ी कार्रवाई पुलिस महकमे में हुई है। बता दें ईओयू ने जब इन अधिकारियों की संपत्ति की जांच की तो उसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आये। कहा जा रहा है कि कई बड़े अधिकारियों की काली कमाई का सबूत हाथ लगा है।
ये अधिकारी हुए निलंबित
बिहार सरकार के अलग-अलग विभागों ने मंगलवार को निलंबन को लेकर नोटिफिकेशन जारी किया। सरकार ने आरा के तत्कालीन एसपी राकेश कुमार दूबे और औरंगाबाद के तत्कालीन एसपी सुधीर कुमार पोरिका के अलावे चार डीएसपी भी निलंबित किए गए हैं, इनमें पालीगंज के तत्कालीन डीएसपी तनवीर अहमद, आरा के तत्कालीन डीएसपी पंकज कुमार रावत, औरंगाबाद सदर के तत्कालीन एसडीपीओ अनूप कुमार और डिहरी के तत्कालीन एसडीपीओ संजय कुमार शामिल हैं। निलंबित किए ये सभी अधिकारी ईओयू की प्रारंभिक जांच में अवैध बालू खनन के दोषी पाये गये थे, जिसके बाद इसी महीने बीते 14 जुलाई को पद से हटाकर वापस पुलिस मुख्यालय बुला लिया गया था।
सरकार ने क्यों किया निलंबित
सरकार की ओर से आईपीएस और डीएसपी के निलंबन को लेकर जो अधिसूचना निकाली गयी है उसमें कहा गया है कि ईओयू के जांच प्रतिवेदन में ये पाया गया है कि उन्होंने बालू के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन में अपनी ड्यूटी को सही तरीके से नहीं निभाया। ईओयू ने अपनी जांच में पाया कि ये तमाम पदाधिकारी अवैध बालू खनन में लगे लोगों को मदद पहुंचा रहे थे। उनका आचरण संदिग्ध था और अपने नीचे के अधिकारियों पर कोई नियंत्रण नहीं था, लिहाजा उन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया जाता है। सस्पेंशन के दौरान उन्हें सिर्फ जीवन यापन भत्ता दिया जायेगा।
एक एसडीओ निलंबित
बिहार सरकार ने इन्हीं आरोपों में एक एसडीओ को भी निलंबित कर दिया है। रोहतास जिले के डिहरी में एसडीओ रहे सुनील कुमार सिंह को सामान्य प्रशासन विभाग ने निलंबित कर दिया है। उनके निलंबन की अधिसूचना में ईओयू की जांच रिपोर्ट का हवाला दिया गया है।
3 CO, एक MVI, दो खनन पदाधिकारी निलंबित
सरकार ने 6 और पदाधिकारियों को निलंबित किया है। इनमें 3 सीओ शामिल है। कोईलवर के सीओ रहे अनुज कुमार, पटना पालीगंज के सीओ रहे राकेश कुमार और औरंगाबाद बारूण के सीओ रहे वसंत राय को सस्पेंड कर दिया गया है। इन तीनों सीओ के खिलाफ ईओयू ने अपनी जांच रिपोर्ट में बालू माफियाओं से उनके सांठगांठ की जानकारी दी थी। वहीं भोजपुर के एमवीआई रहे विनोद कुमार को भी निलंबित कर दिया है। उन पर बालू माफियाओं को अवैध बालू के परिवहन में सहयोग करने का आरोप है। उधर, खान एवं भूतत्व विभाग ने दो खनन पदाधिकारियों को सस्पेंड किया है। सस्पेंड हुए दोनों खनन पदाधिकारियों को 14 जुलाई को पद से हटा कर मुख्यालय बुलाया गया था।


