December 7, 2025

BIHAR : रामविलास और चिराग पासवान को उड़ाने की धमकी मामले में पार्षद गिरफ्तार

शेखपुरा। केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान एवं लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को एके-47 जैसे अत्याधुनिक हथियार से हत्या की धमकी देने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नगर परिषद शेखपुरा के वार्ड-10 के पार्षद को गिरफ्तार कर लिया है। इसकी पुष्टि टाउन थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार ने की है।
बताते चलें गिरफ्तार आरोपित पार्षद संजय यादव को मंगलवार को एक वीडियो वायरल हो रहा था। इस वायरल वीडियो में लोजपा के दोनों शीर्ष नेताओं के संबंध में पार्षद ने आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए एके-47 से उड़ाने की धमकी दी थी। मामला सामने आने के बाद लोजपा जिलाध्यक्ष इमाम गजाली ने संज्ञान लेते हुए टाउन थाने में पार्षद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी थी।
इस दौरान शेखपुरा शहर के श्यामा सरोवर पार्क में पार्षद संजय यादव के छिपे होने की सूचना पुलिस को बुधवार को मिली। सूचना मिलने के उपरांत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छापेमारी कर पार्षद को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की खबर शहर में आग की तरह फैल गई और शहर में गहमागहमी की स्थिति बन गयी। जिलाध्यक्ष इमाम गजाली ने बताया कि घटना में गिरफ्तारी को लेकर पीएमओ आॅफिस निगाह बनाये था। जिलाध्यक्ष ने गिरफ्तारी को लेकर एसपी दयाशंकर एवं मीडिया कर्मियों को बधाई दी है।

You may have missed