December 9, 2025

BIHAR : नेपाल पुलिस ने बंधक बनाए भारतीय नागरिक को किया रिहा, इंडो-बॉर्डर पर शव रख ग्रामीणों ने जताया विरोध

सीतामढ़ी। बिहार के सीतामढ़ी जिले के सोनबरसा थाना क्षेत्र की पीपरा परसाइन पंचायत की लालबंदी जानकीनगर भारत-नेपाल सीमा पर शुक्रवार की सुबह नेपाल पुलिस की फायरिंग में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी और चार ग्रामीण रूप से जख्मी हो गए थे। वहीं जानकी नगर के निवासी लगन यादव को नेपाल पुलिस अपने साथ लेकर चली गई थी और बंधक बना लिया था। आज शनिवार की सुबह नेपाल पुलिस ने बंधक बनाए व्यक्ति लगन यादव को रिहा कर दिया है।
वहीं नेपाली पुलिस बल की गोली से मृत विकेश यादव के शव को इंडो-बॉर्डर पर रखकर ग्रामीणों ने विरोध जताया। ग्रामीण नेपाली पुलिस की ओर से गिरफ्तार किए गए लगन यादव को छोड़ने और गोली चलाने वाले पुलिस वालों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। शनिवार सुबह लगन यादव को जब नेपाल पुलिस ने रिहा कर दिया, उसके बाद मृत विकेश यादव का अंतिम संस्कार किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि वर्षो से दोनों देश के लोग आते-जाते रहे हैं। लेकिन आज नेपाल की ओर से की गई कार्रवाई से हर कोई हतप्रभ है। इस तरह की घटना यहां कभी नहीं हुई थी। लोगों ने बताया कि यह कार्रवाई पूर्वाग्रह से ग्रसित है।
बताते चले कि शुक्रवार सुबह लगभग 8.30 बजे सीतामढ़ी जिला निवासी लगन राय अपने पुत्र के साथ किसी महिला रिश्तेदार से मिलने बॉर्डर पर गए थे। नेपाल पुलिस उनको बॉर्डर से भगाना चाह रही थी। पिता-पुत्र ने थोड़ी देर की मोहल्लत मांगी तो एपीएफ (नेपाल सशस्त्र प्रहरी बल) ने उनके लड़के पर लाठी चला दी और लगन राय को घसीटते हुए बॉर्डर से सौ मीटर दूर ले गई। उसके बाद उनको बंधक बना लिया। यह देखकर बॉर्डर पर क्रिकेट खेल रहे कुछ युवकों व खेतों में काम कर रहे लोगों ने नेपाल पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध करना चाहा। इसी बात पर नेपाल पुलिस ने अंधाधुंध फायरिंग करनी शुरू कर दी। नेपाल की ओर से 18 राउंड फायरिंग की गई। मृतक की पहचान जानकी नगर टोला लालबंदी निवासी नागेश्वर राय के 25 वर्षीय पुत्र विकेश कुमार के रूप में हुई है। वहीं विनोद राम के पुत्र उमेश राम व सहोरवा निवासी बिंदेश्वर शर्मा के पुत्र उदय शर्मा घायल हैं। बंधक बनाया गया व्यक्ति जानकीनगर का लगन राय है।

You may have missed