BIHAR : जहरीली शराब कांड मामले में 4 साल बाद अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, 21 पुलिसकर्मी बर्खास्त
पटना। बिहार में चार साल पहले हुई जहरीली शराब से मौत के मामले में पुलिस मुख्यालय ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। इस घटना में दोषी पाए गए 21 पुलिसकर्मियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। बता दें गोपालगंज जिला के टाउन थाना क्षेत्र के खजुर्बानी में वर्ष 2016 में जहरीली शराब कांड में 16 लोगों की जान चली गई थी। जांच के बाद डीजीपी गुप्तेश्वर पाण्डेय ने दोषी पाए गए पुलिसकर्मियों को सेवा से बर्खास्त करने पर अपनी मुहर लगा दी है।
उल्लेखनीय है कि 16 अगस्त 2016 को बिहार में शराबबंदी के बाद यह जहरीली शराब से हुई मौत का पहला मामला था। गोपालगंज के टाउन थाना क्षेत्र के खजुर्बानी में जहरीली शराब पीने से 16 लोगों की मौत हो गई थी। इस कांड के बाद सरकार की शराबबंदी को लेकर खूब किरकिरी हुई थी। सरकार ने इस कांड को काफी गंभीरता से लिया था। घटना के तुरंत बाद ही टाउन थाना के सभी पुलिस अफसर और जवान पर कार्रवाई करते हुए निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू कर गई। एसपी, डीआईजी और आईजी के बाद इस मामले की फाइल डीजीपी के पास पहुंची। मामले की गंभीरता और पुलिसकर्मियों की कर्तव्य के प्रति लापरवाही को देखते हुए डीजीपी ने उन्हें सेवा से बर्खास्त करने का आदेश दिया है। बर्खास्त किए गए पुलिसकर्मी उस वक्त टाउन थाना में तैनात थे। इनमें कई ऐसे पुलिस पदाधिकारी और जवान हैं जो फिलहाल दूसरे जिले में पदस्थापित हैं। बिहार के सभी जिले के एसपी को इसकी सूचना दे दी गई है।
8 पुलिस अधिकारी व 13 जवानों पर गिरी गाज
सब इंस्पेक्टर दिलकश कुमार सिंह सारण, सब इंस्पेक्टर अमित कुमार मोतिहारी, सब इंस्पेक्टर अमरेंद्र कुमार सिंह सीवान , सब इंस्पेक्टर चंद्रिका राम सीवान ,एएसआई मिथिलेश्वर सीवान, विनोद कुमार पांडेय सीवान, गुलाम मोहम्मद सारण , राज भरत प्रसाद सिंह मुजफ्फरपुर, नवल कुमार सिंह सीवान, पीटीसी सिपाही 416 पुष्पेंद्र ओझा गोपालगंज, पीटीसी 18 दिनेश्वर यादव गोपालगंज, पीटीसी सिपाही 620 मोहन प्रसाद सिंह बांका, सिपाही 147 धीरज कुमार राय गोपालगंज, सिपाही 480 शैलेंद्र कुमार अरवल, सिपाही 267 मनोज कुमार जहानाबाद, सिपाही 508 अनंजय कुमार सिंह बक्सर, सिपाही 70 नितेश कुमार सिंह पटना, सिपाही 383 विश्वजीत कुमार सारण, सिपाही 455 मुरली यादव गोपालगंज, सिपाही 579 मनीष कुमार सारण, 572 राकेश कुमार सिंह सारण, सिपाही 468 राहुल कुमार गोपालगंज में पदस्थापित हैं जिन्हें बर्खास्त किया गया है।


