CM नीतीश का बड़ा बयान, शाम 7 बजे होगी अधिकारियों के साथ बड़ी बैठक, बुधवार से लागू होंगे नए नियम

पटना। बिहार में तेजी से फैल रहे कोरोना संक्रमण को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज शाम 7 बजे अधिकारियों के साथ बड़ी बैठक करने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह सभी जगह की रिपोर्ट लेने के बाद फैसला लेंगे कि आगे किस तरह के कदम उठाए जाएं। मुख्यमंत्री ने यह भी साफ किया कि नए नियमों का ऐलान कल यानी बुधवार को किया जाएगा। औरंगाबाद में पुलिस ग्राउंड में जीविका दीदियों से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, अचानक 7-8 दिन से कोरोना केस बढ़ रहे हैं, दुनिया और देशभर बढ़ रहा है। अपने राज्य में भी बढ़ रहा है। सबसे ज्यादा पटना और गया में बढ़ रहा है। धीरे-धीरे पूरे राज्य में पॉजिटिव केस बढ़ रहे हैं।

नीतीश ने जनता से सतर्क और जागरूक रहने की अपील करते हुए जनता दरबार में मिले पॉजिटिव केसों पर भी हैरानी जताई। उन्होंने कहा कि जिलों में जांच करके लोगों को पटना भेजा जाता है। यहां भी उनकी जांच होती है। आज तक कभी कोई पॉजिटिव नहीं मिले थे, लेकिन कल 8 लोग पॉजिटिव निकले। सबको खाना खिलाते हैं, खाना खिलाने वाले 15-16 लोग आते हैं, उनमें से भी 5 पॉजिटिव निकले। 8-10 सुरक्षकर्मी भी पॉजिटिव मिले। नीतीश ने कहा ‘आज हम लौटकर जा रहे हैं पटना, हमने दिन में ही एक-एक चीज का रिपोर्ट लेने को कहा है, हम 7 बजे हर जगह का रिपोर्ट लेकर, आगे क्या करना चाहिए, इसके बारे में बात करेंगे। कल अंतिम रूप से निर्णय लेकर फैसला करेंगे कि आगे क्या करना है।

You may have missed