महागठबंधन सरकार को घेरने के लिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का बड़ा प्लान, सुशील मोदी को मिल सकती है बिहार प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी

पटना। बिहार में महागठबंधन की नई सरकार बनने के बाद सुशील मोदी हमलावर है। बीजेपी नेता सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के खिलाफ लगातार हमला बोल रहे हैं। बिहार की राजनीति से केंद्र की राजनीति में शिफ्ट कर दिए गए सुशील मोदी बीजेपी के विपक्ष में आने के बाद से ही पूरी तरह से एक्टिव हो गए हैं और महागठबंधन सरकार को निशाने पर ले रहे हैं। बताया जा रहा है कि सुशील मोदी यूं ही महागठबंधन सरकार पर इतना हमला नहीं बोल रहे हैं, इसके पीछे बीजेपी आलाकमान का पूरा सहयोग है। वही अब दावा किया जा रहा है कि सुशील मोदी के महागठबंधन के खिलाफ आक्रामक रूख को और धार देने के लिए बीजेपी उन्हें बड़ा रोल दे सकती है। दरअसल सितंबर के दूसरे सप्ताह में बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल का टर्म पूरा हो रहा है। माना जा रहा है कि सुशील मोदी को बिहार बीजेपी की कमान सोंपी जा सकती है। दावा किया जा रहा है कि सुशील मोदी के महागठबंधन के खिलाफ आक्रामक रूख को और धार देने के लिए बीजेपी उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बना सकती है।

जानकारी के अनुसार, सुशील मोदी वह शख्स हैं जिन्होंने पिछली बार महागठबंधन की सरकार को तोड़कर एनडीए की सरकार बनवाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने लगातार 48 प्रेस कॉन्फ्रेंस करके नीतीश कुमार को अपने पक्ष में किया था। सुशील मोदी को बिहार भाजपा में स्थापित किया जाएगा। उन्हें पावर दिया जाएगा ताकि वह बिहार भाजपा के तरफ से महागठबंधन सरकार को चौतरफा घेर सकें और इसलिए सुशील मोदी को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की तैयारी चल रही है। खबर तो यह भी आ रही है कि सुशील मोदी इस बात के लिए राजी हो गए हैं और वह लगातार बीजेपी के अंदर संगठन में भी काफी एक्टिव हो गए हैं। जिस तरह से सुशील मोदी फिर से वापस लगातार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरजेडी के दागी चेहरों को उजागर करने लगे हैं। ऐसे में लग रहा है कि बीजेपी सुशील मोदी पर एक बार फिर से भरोसा कर सकती है और यही वजह है कि सुशील मोदी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा सकता है। इससे पहले भी सुशील मोदी बिहार भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं, हालांकि उन्होने अपना कार्यकाल पूरा नही किया था।

You may have missed