कोलकाता में तेजस्वी का एनडीए पर बड़ा हमला, कहा- ज्यादा दिन नहीं चलेगी बैसाखी की सरकार, इस बार मिला मजबूत विपक्ष

पटना/कोलकाता। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव शुक्रवार को कोलकाता पहुंचे। राजद नेता ने केंद्र की मोदी सरकार पर कड़ा हमला बोलते हुए कहा कि जनता ने इस बार स्पष्ट संदेश दिया है कि केंद्र में कमजोर सरकार बनी है। बिहार इस सरकार में निर्णायक भूमिका निभा रहा है। देश की जनता ने पीएम मोदी को स्पष्ट संदेश दिया है कि केन्द्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग और तानाशाही को वे बर्दाश्त नहीं करेंगे। संविधान और लोकतंत्र पर हो रहे हमलों का जवाब जनता ने अपने जनादेश के माध्यम से दिया है। तेजस्वी यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव के शुरू होते ही भाजपा ने ‘अबकी बार 400 पार’ का नारा दिया था, लेकिन जनता ने बीजेपी को केवल 240 सीटों पर समेट दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश को इस बार एक मजबूत विपक्ष मिला है, जो सत्ता पक्ष को कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार है। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा सरकार बैसाखी पर चल रही है और ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है। कोलकाता में संवाददाताओं से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर तीखे आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जाँच एजेंसियों का दुरुपयोग विरोधियों के खिलाफ किया जा रहा था, और इसी कारण देश की जनता ने भाजपा को 240 सीटों पर सीमित कर दिया। मौजूदा सरकार में बिहार की अहम भूमिका पर जोर देते हुए तेजस्वी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा और कहा कि राज्य के हित में केंद्र से बेहतर काम करवाया जाना चाहिए। लोकसभा चुनाव में राजद ने बिहार में 4 संसदीय सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि बिहार की 40 संसदीय सीटों में एनडीए को केवल 30 सीटें मिलीं। वर्ष 2019 में एनडीए ने 39 सीटें जीती थीं, जिससे इस बार एनडीए को बिहार में बड़ा झटका लगा। वर्तमान में केंद्र में भाजपा 240 सांसदों के साथ सबसे बड़ी पार्टी है, जबकि टीडीपी 16 सांसदों के साथ दूसरे स्थान पर है। जदयू 12 सांसदों के साथ तीसरी सबसे बड़ी पार्टी है। तेजस्वी यादव के कोलकाता दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है। इस दौरान वे देश के सियासी समीकरणों को लेकर कुछ नेताओं से मिल सकते हैं। साथ ही, लोकसभा में विपक्ष के सभी दलों को एकजुट कर, सत्ता पक्ष के खिलाफ मजबूती से जनहित के मुद्दों को उठाने पर भी चर्चाएँ हो सकती हैं। तेजस्वी का यह दौरा न केवल बिहार बल्कि पूरे देश की राजनीति में महत्वपूर्ण बदलाव का संकेत दे सकता है।

You may have missed