पटना में गली में पानी बहाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट; फायरिंग से एक को लगी गोली, तीन ज़ख़्मी
पटना। राजधानी पटना से सटे फतुहा थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह गली में पानी बहाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान फायरिंग हुई। इस झगड़े में एक तरफ के तीन लोग घायल हुए। पूरा मामला फतुहा थाना क्षेत्र के कोल्हर गांव का है। घायल की देवरानी ममता देवी ने बताया कि में सुबह करीब 10 बजे विवाद हुआ। इसमें हमारे ही गली में वे लोग पानी गिराया करते हैं, जबकि उसका पानी का निकास दूसरे ओर है। इसको लेकर जब हम लोग विरोध किए तो हम लोगों के घर पर आकर हमारी ननद को बाल खींचकर अपने घर की ओर ले जाया गया। वहां ले जाकर मारने पीटने लगा। इसके बाद जब हमारी चचेरी जेठानी वहां पहुंची और इसका विरोध किया तब उसे भी मारने लगा और उसके बांह में गोली मार दी। घायलों में कोल्हर निवासी पप्पू यादव की पत्नी मुन्नी देवी (40) को गोली लगी है। आमोद प्रसाद की पत्नी रंजू देवी का पैर फ्रैक्चर हो गया। गोरख सिंह के बेटे दिलीप सिंह (40) के सिर में गंभीर चोट आई है। सभी घायल एक ही परिवार के हैं। आनन-फानन में घायलाें को फतुहा सामूदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर प्रिया द्वारा सभी का प्राथमिक उपचार किया गया। बेहतर इलाज के लिए तीनों घायल को पटना रेफर कर दिया गया। फायरिंग का आरोप पड़ोसी विपिन पर लगा है। इनके बीच 5 महीने पुराना विवाद चल रहा है। सोमवार को उनके बीच फिर से विवाद हो गया। करीब एक घंटे तक दोनों परिवारों के बीच खूनी संघर्ष चलता रहा। वहीं विपिन के साथ-साथ मारपीट में शामिल सूरज, अंजनी मौके से फरार हो गए। घायल रंजू देवी ने बताया कि कोलहर गांव निवासी विपिन, अंजनी, सूरज का गांव में काफी दबदबा है। वह अपने निकास से पानी न बहाकर दूसरे के गली में पानी का बहाव करता है। जब रंजू देवी और उनकी ननद ने इसका विरोध किया तो सभी मारपीट करने। फतुहा थाना अध्यक्ष जयशंकर कुमार ने बताया कि कोलर गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों को घायल कर दिया गया, जिसमें एक महिला को गोली लगी है। तीनों घायलों को पटना रेफर किया गया है। फिलहाल घटनास्थल पर पुलिस पहुंच गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


