फतुहा : एनएच निर्माण कंपनी का बेस कैंप बाढ़ के पानी में डूबा, करोड़ों का नुकसान
फतुहा। दनियावां-बिहटा-सरमेरा एसएच 78 को एनएच में तब्दील करने का काम शुरू है। इस पथ को सिक्स लेन के रुप में तब्दील किया जा रहा है। इसका निर्माण हरियाणा के जेएसपी वराह इन्फ्रास्ट्रक्चर कंपनी के द्वारा किया जा रहा है। बुधवार की रात्रि मासाढी गांव के पास स्थित इस कंपनी का बेस कैंप में अचानक बाढ़ का पानी घुस गया। जब तक कंपनी के कर्मचारी बेस कैंप से बाहर निकलते तब तक कैंप के सभी हिस्सों में पानी फैल चुका था। कैंप के क्वार्टर, स्टोर, मेस, लैब, कार्यालय व सीमेंट गोदाम में कमर तक पानी भर गयी थी। सीमेंट गोदाम में रखे करीब पांच हजार सीमेंट की बोरियां पानी लगने से पत्थर हो गई। इतना ही नहीं, कैंप में लगे हॉट मिक्स मशीन, ब्लीचिंग प्लांट, बैट्री सेट, डब्लूएमएम प्लांट, मोबाइल ब्लैक चिप प्लांट के साथ-साथ कार्यालय में लगे कम्प्यूटर व इलेक्ट्रॉनिक अन्य सामान बाढ़ के पानी में डूब गये। कैंप के प्रोजेक्ट मैनेजर एमके सिंह ने बताया कि बीते रात्रि अचानक बाढ़ के आने से कंपनी का करोड़ों का नुकसान हुआ है। इससे निर्माण कार्य बिल्कुल ठप पड़ गया है।


