बाढ़ में मोबाइल समेत दो दुकानों में चोरी, लाखों रुपये के सामान उड़ाए, व्यवसायियों में गुस्सा
बाढ़। पटना के बाढ़ अनुमंडल में बेखौफ चोरों द्वारा चोरी की घटना को लगातार अंजाम दिया जा रहा है। गुरूवार की रात चोरों ने फिर स्टेशन रोड स्थित दो दुकानों में अपना हाथ साफ किया। चोरी की बढ़ती घटना से दुकानदारों एवं व्यवसायियों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
ठंड बढ़ने के साथ ही चोरों का गिरोह सक्रिय हो जाता है। बाढ़ थाना क्षेत्र के भुवनेश्वर चौक के पास स्थित मोबाइल की दुकान ओम इंटरप्राइजेज में लाखों रुपये का सामान चोरी कर ली। चोर दुकान में करकट एवं सीलिंग को तोड़कर दुकान में घुस गए और लाखों रुपये का सामान चुरा ले गए। दुकानदार आदित्य भारद्वाज ने बताया कि जब सुबह दुकान खोलने के लिए पिताजी आये, तो शटर उठाकर देखा तो अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। बिखरी हुई सामान में खाली डब्बे थे जबकि मोबाइल तथा कीमती सामान गायब थे और छत का सीलिंग टूटा हुआ था। उन्होंने बताया कि लगभग 3-4 लाख रुपए के सामानों की चोरी कर ली गयी है। वहीं उसके सामने ही एक लाय एवं कोल्ड ड्रिंक्स के दुकान से भी चोरों ने फ्रिज तोड़कर चोरी कर ली। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई है। चोरी की बढ़ती घटनाओं से व्यवसायी वर्ग में दहशत एवं गुस्से का माहौल है।


