बाढ़ : 5 साल के मासूम की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या, पिता फरार, गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

बाढ़। पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव में बुधवार की सुबह 5 साल के मासूम की गोली मार कर हत्या कर दी गई। हत्या किए जाने की खबर से पूरे गांव में हड़कंप मच गया औश्र ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। लेकिन इस हत्याकांड पर परिजनों और स्थानीय लोगों का मत अलग-अलग है। जिससे मर्डर मिस्ट्री की गुत्थी आसानी से सुलझती नजर नहीं आ रही है। इधर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है।
घटना के बाबत बाढ़ थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि मासूम की पहचान पीयूष कुमार (5 साल) के रूप में की गई है। गोली सुबह 11 बजे मारी गई है। घटना की सूचना ग्रामीणों ने दी थी। उन्होंने बताया कि जिस जगह पर बालक को गोली लगी थी, उस जगह पर खून के धब्बे को मिटाने का प्रयास किया गया है। वहीं मृतक के पिता घर से फरार है। थानाध्यक्ष ने कहा कि गोली कांड में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं पुलिस मामले की जांच करने में जुटी है। मासूम को गोली किसने और क्यों मारी, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। हालांकि, परिजनों ने अब तक थाने में कोई भी लिखित शिकायत नहीं की है।
इधर, स्थानीय लोग आशंका जता रहे हैं कि घर के किसी सदस्य द्वारा पिस्तौल की साफ-सफाई करने के दौरान गलती से गोली मासूम को जा लगी होगी। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि गांव के ही किसी व्यक्ति ने घर में घुसकर पीयूष को गोली मारी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि बड़ा सवाल यह है कि जब पीयूष घर में था तब बाहरी व्यक्ति ने घर में घुसकर बालक को गोली कैसे मार दी। अगर बाहरी व्यक्ति द्वारा घर में घुसकर गोली मारी गई है तो परिजनों ने इस बात की सूचना पुलिस को क्यों नहीं दी। ऐसे ही कई सवाल जांच के ईद-गिर्द घूम रहे हैं।

You may have missed