बांका रोपवे को 40 दिन बाद फिर से सैलानियों के लिए किया गया शुरू, मॉक ड्रिल के साथ हुआ आरंभ

बांका। बिहार के बांका के मंदार पर्वत पर स्थित राज्य का दूसरा रोपवे जो पिछले 40 दिनों से सुरक्षा कारणों से बंद था वह सैलानियों के लिए गुरुवार से आरंभ कर दिया गया। रोपवे के चालू होते ही सैलानियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मंदार पर्वत स्थित रोपवे के प्लेटफार्म में तीर्थयात्री एवं आम सैलानी पहुंचकर लाइन लगाकर टिकट कटाने लगे और अपनी बारी का इंतजार करने लगे। सुबह 9:30 बजे से मंदार रोपवे आरंभ हुआ इस संबध में प्रबंधक दीपक कुमार एवं सुरक्षा अधिकारी मनीष तिवारी की उपस्थिति में रोपवे को चालू किया गया जिसमें सहरसा, सुपौल, मधेपुरा सहित अन्य जिलों से तीर्थयात्रियों ने रोपवे का सफर किया। विदित हो कि देवघर के त्रिकूट पर्वत पर हुए हादसे के बाद मंदार के रोपवे को 12 अप्रैल से आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया था। साथ ही रोपवे की सुरक्षा के मद्देनजर अधिकारियों की निगरानी में प्रतिदिन रोपवे का ट्रायल किया जा रहा था। वही इसके अलावा रेस्क्यू ट्रायल सफलतापूर्वक किया गया।
गुरुवार को रोपवे आरंभ होने से पूर्व किया गया मॉक ड्रिल
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को रोपवे आरंभ होने से पूर्व मॉक ड्रिल किया गया जिसकी सफलता के बाद से आम सैलानियों के लिए रोपवे को चालू किया गया। हालांकि जानकारी के अभाव में आज सुबह काफी कम संख्या में सैलानी पहुंचे लेकिन ज्यों-ज्यों समय बीतता गया सैलानियों की संख्या में वृद्धि होती गई। दोपहर 1:30 बजे तक करीब 200 की संख्या में लोगों ने रोपवे का सफर पूरा कर लिया। बता दे की मंदार रोपवे पर प्रतिदिन 500 से 600 की संख्या में सैलानी सफर करते हैं। प्रतिदिन पर्यटन विभाग को यहां से करीब 40000 का राजस्व आता है। पिछले डेढ़ माह से रोपवे बंद रहने की वजह से राजस्व की भारी क्षति हो रही थी। साथ ही इसका विपरीत प्रभाव स्थानीय दुकानदारों पर पड़ रहा था। रोपवे के चालू होने से जहां सैलानी खुश हैं वहीं आम दुकानदारों के चेहरे पर भी खुशी लौट आई है।

About Post Author

You may have missed