September 13, 2025

बाढ़ की विभीषिका से निपटे बिहार सरकार,कांग्रेसियों को भी जुटने का निर्देश

पटना। प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने बिहार के दरभंगा, मधुबनी, अररिया, सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, सहरसा, किशनगंज, मुजफ्फरपुर एवं अन्य बाढ़ प्रभावित जिलों में बाढ़ की भयंकर विभिषिका पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि बिहार में जल प्रलय की स्थिति आ गई है मगर बिहार सरकार अभी तक बाढ़ राहत के लिए मोर्चा पर तैनात तक नहीं है।हर साल बाढ़ की विभीषिका से लाखो बिहारी बुरी तरह से प्रभावित होते हैं। बिहार सरकार अगर सजग रहते तो इस भीषण तबाही से काफी हद तक बचा जा सकता था।। डॉ. झा ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में भीषण तबाही हुई है। कई गांवों में लोगों के घर में पानी प्रवेश कर गया है तथा तटबंध पर लोगों का शरण लेना पड़ रहा है। लगातार वर्षा होने के कारण तटबंध पर भी लोग बेसहारा हैं। उन्होंने कहा कि अब तक कई प्रभावित जगहों पर बाढ़ राहत कार्य शुरू नहीं हुआ है। डॉ. झा ने राज्य सरकार से युद्ध स्तर पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लोगों को चूड़ा एवं गुड़, सत्तू, माचिस, पॉलिथीन के पैकेट की व्यवस्था करने का आग्रह किया है। डॉ. झा ने बाढ़ प्रभावित जिलों एवं प्रखंडों के कांग्रेसजनों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लोगों को समुचित सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।

You may have missed