विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए अवध बिहारी चौधरी ने किया नामांकन, निर्विरोध जीतने की जताई जा रही उम्मीद

पटना। राजद विधायक अवध बिहारी चौधरी का विधानसभा अध्यक्ष बनना लगभग पक्का हो गया है। उन्होंने आज विधानसभा सचिव के समक्ष अपना नामांकन भर दिया है। इस दौरान उनके साथ सीएम नीतीश कुमार और और तेजस्वी यादव मौजूद थे। एक ही नामांकन होने की स्थिति में उनके निर्विरोध जाने की उम्मीद जताई जा रही है। गौरतलब है कि बुधवार की शाम को मुख्यमंत्री आवास पर अवध बिहारी चौधरी के अध्यक्ष बनाये जाने का फैसला हुआ था। इससे पहले 24 अगस्त को 12 बजे राज्य कैबिनेट की विशेष बैठक हुई थी, जिसमे विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए थे। जिसके बाद इस निर्णय को राज्यपाल की मंजूरी के लिए भेजा गया था। राज्यपाल की मंजूरी मिल जाने के बाद सदन में विधानसभा के उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी थी।
विजय सिन्हा ने दिया था इस्तीफा
बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद बुधवार को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया था। इसके पहले दिन विजय कुमार सिन्हा ने विधानसभा अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। इससे पहले उन्होंने अविश्वास प्रस्ताव में लगाए गए आरोपों का भी जवाब दिया। सदन में अपने संबोधन में सिन्हा ने कहा कि नई सरकार के गठन के बाद मैं खुद ही अपने पद से इस्तीफा दे देता, लेकिन मुझे पद से हटाने की कोशिश शुरू कर दी गई। मुझ पर सदस्यों ने मनमानी करने, तानाशाही करने का आरोप लगाया, उसका प्रतिकार करना जरूरी था। उन्होंने कहा कि जब नई सरकार का गठन हो रहा था तभी 9 अगस्त को ही विधानसभा सचिव को मेरे खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की सूचना दे दी गई थी। उसके बाद मैंने अपने पद से इस्तीफा नहीं दिया ताकि सदन में इसका जवाब दे सकूं।

About Post Author

You may have missed