बिहार : जहानाबाद में आशा कार्यकर्ताओं ने थाली बजाकर किया प्रदर्शन, कहा- स्वास्थ्य के प्रति लापरवाह है नीतीश सरकार

जहानाबाद। बिहार के जहानाबाद जिलें में आशा कार्यकर्ताओं ने आज थाली बजाकर प्रदर्शन किया है। उन्होंने भूख हड़ताल भी की है। आशा कार्यकर्ताओं का कहना है कि कई दिन बीत जाने के बाद भी सरकार हम लोगों के साथ कोई वार्ता नहीं कर रही है। जबकि, लगातार हमलोग बड़े से लेकर छोटे अस्पताल में धरना दे रहे हैं। इसीलिए, हमलोग आज भूख-हड़ताल कर व थाली बजाकर सरकार को अपनी मांग मानने के लिए बाध्य करेंगे। आशा कार्यकर्ता उषा कुमारी ने बताया कि हम लोगों के हड़ताल पर चले जाने के कारण स्वास्थ्य विभाग का बहुत काम प्रभावित हो रहा है। लेकिन, सरकार हम लोगों की मांग पर विचार नहीं कर रही है। वही हड़ताल होने के कारण शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आम लोगों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। आगे उन्होंने कहा कि टीकाकरण, प्रसूति इत्यादि में काफी कमी आई है, लेकिन उसके बाद भी सरकार हम लोगों से वार्ता करने के लिए तैयार नहीं है। इसलिए प्रतीत हो रहा है कि यह सरकार स्वास्थ्य के प्रति लापरवाह है। उन्होंने कहा कि जब तक मेरी मांग पूरी नहीं होगी, तब तक हम लोग हड़ताल जारी रखेंगे। इससे बड़ा भी प्रदर्शन हम लोग करेंगे।
