January 27, 2026

भूमि विवाद के बीच आर्म्स एक्ट: काउंटर केस में एससी- एसटी एक्ट, अभियुक्त की पत्नी ने बताया गंभीर षडयंत्र, निष्पक्ष जांच की मांग

पटना। (अमृतवर्षा ब्यूरो) बिहार पुलिस की कार्यशैली को लेकर लगातार सवाल खड़े होते रहे हैं। राजधानी पटना की पुलिस खासकर नीट छात्रा हत्याकांड में जांच को लेकर लगातार विवादों के घेरे में है। वहीं दूसरी ओर राजीव नगर थाना क्षेत्र से भी एक मामला प्रकाश में आया है।जिसमें नामजद अभियुक्त की पत्नी ने पुलिस की जांच तथा दर्ज कराए गए काउंटर एफआईआर को सवालों के कटघरे में खड़ा कर दिया है।राजीवनगर थाना क्षेत्र में भूमि विवाद में अवैध पिस्तौल के साथ गिरफ्तार अभियुक्त की पत्नी के द्वारा थाना में पांच नामजद लोगों के विरुद्ध दर्ज कराए गए एससी-एसटी एक्ट के मामले में तूल पकड़ लिया है।दरअसल इस मामले में नामजद अभियुक्त नीरज कुमार सिंह की पत्नी शालिनी सिंह ने इस मामले में पूरी तरह से एससी-एसटी एक्ट की दुरुपयोग तथा फर्जी मुकदमे में बेबुनियाद और मनगढ़ंत आरोप के आधार पर अपने पति को फंसाने का आरोप लगाया है। राजीव नगर रोड नंबर 24 के निवासी शालिनी सिंह ने अपने पति नीरज कुमार सिंह के मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच के लिए पटना के आईजी,एसएसपी समेत वरीय पुलिस अधिकारियों को लिखित आवेदन दिया है।ज्ञातव्य हो कि पिछले 10 जनवरी को राजीव नगर थाना क्षेत्र के महावीर कॉलोनी में एक प्लॉट पर दो पक्षों के बीच टकराव हुआ था।जिसके बाद सूचना पाकर मौके पर पहुंची राजीवनगर थाना की पुलिस ने अशोक कुमार चौधरी नाम के एक व्यक्ति को अवैध पिस्तौल तथा तीन कारतूस के साथ मौका ए वारदात से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त को लेकर पुलिस थाना पहुंचती है तथा महज 1 घंटे के बाद थाना में गिरफ्तार अभियुक्त की पत्नी मुन्नी देवी की तरफ से कांड संख्या 17/26 के शिकायतकर्ता/ सूचक धीरज सिंह समेत राजवीर सिंह,विकास कुमार सिंह,नीरज सिंह तथा दीपक कुमार सिंह के खिलाफ एससी- एसटी एक्ट के तहत मामला कांड संख्या 18/26 दर्ज करवा दिया जाता है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार अभियुक्त अशोक कुमार चौधरी के साथ कांड संख्या 18/ 26 के चार नामजद अभियुक्तों को जेल भेज देती है। जानकारी के मुताबिक इस मामले में पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच नहीं की।अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार अशोक कुमार चौधरी की पत्नी मुन्नी देवी के शिकायत के अनुसार उनके पति को नामजद अभियुक्तों ने जबरदस्ती पिस्तौल तथा गोली थमा कर पुलिस से गिरफ्तार करवा दिया। इस पूरे प्रकरण में जमीन विवाद का मामला सामने आ रहा है।दोनों पक्षों के बीच पूर्व से महावीर कॉलोनी के एक प्लॉट को लेकर विवाद रहा है।इस मामले में कांड संख्या 18/26 के अभियुक्त नीरज कुमार सिंह की पत्नी शालिनी सिंह ने अपने पति को पूरी तरह से निर्दोष बताया है।उन्होंने कहा कि घटना के वक्त उनके पति घर पर थे।जिसकी जांच आसपास के सीसीटीवी कैमरा के फुटेज तथा घटना के तिथि एवं वक्त के अनुसार उनके पति के मोबाइल टावर लोकेशन के माध्यम से की जा सकती है।उन्होंने कहा कि जब मुन्नी देवी के पति को पुलिस ने रंगे हाथों अवैध पिस्तौल के साथ घटनास्थल से गिरफ्तार किया। तब उसके बाद सिर्फ दबाव के लिए सुनियोजित साजिश तथा पूर्वाग्रह से प्रेरित होकर यह मामला दर्ज कराया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मुन्नी देवी के पति को खुद जाकर घटनास्थल से पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है।तब ऐसी स्थिति में उनके साथ जाति सूचक गाली गलौज तथा मारपीट की घटना का सवाल कहां पैदा होता है।उन्होंने वरीय पुलिस अधिकारियों को पत्र लिखकर पूरे मामले की जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस इस मामले की निष्पक्ष जांच करेगी।तो पूरा मामला सुनियोजित साजिश तथा एससी-एसटी एक्ट के दुरुपयोग का निकलेगा।उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मामले की पुलिस को अलग तरीके से जांच करनी चाहिए। ताकि इस प्रकार से अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार नृशंसता एक्ट का दुरुपयोग ना हो सके।हालांकि इन दिनों पटना पुलिस के कार्यशाली पर कई प्रकार के सवाल उठा रहे हैं।राजीव नगर थाना क्षेत्र में 10 जनवरी को एक ही दिन दर्ज कांड संख्या 17/26 तथा 18/26 की जांच को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही है।

You may have missed