February 20, 2026

BIHAR : शिक्षा विभाग ने की छठे चरण के प्राथमिक शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देने की तारीख का एलान

पटना। बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने प्राथमिक शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देने की तारीख का एलान कर दिया है। विभाग की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि किसी भी हाल में प्रमाणपत्रों का सत्यापन 25 फरवरी से पहले पूरा कर लिया जायेगा। पत्र में कहा है कि सभी प्राथमिक शिक्षकों को 25 फरवरी को ही एक साथ नियुक्ति पत्र सौंपा जायेगा। शिक्षा विभाग ने इसकी पुष्टि कर दी है।
शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र के माध्यम से राज्य के प्राथमिक स्कूलों में शिक्षक के पद पर चयनित उम्मीदवारों के प्रमाणपत्र का सत्यापन फरवरी के तीसरे सप्ताह तक पूरा करने का निर्देश दिया है। कहा तो यह भी जा रहा है कि तय समय सीमा के अंदर सत्यापन ना हो पाने की स्थिति में सारी जिम्मेवारी जिला शिक्षा पदाधिकारी की ही होगी। पत्र में यह भी कहा गया है कि पटना, सारण और पूर्णिया प्रमंडल में सत्यापन की स्थिति अच्छी नहीं है।
मिली जानकारी के मुताबिक अगस्त महीने के छठे चरण के प्राथमिक शिक्षक नियोजन के लिए हुए दो राउंड की काउंसलिंग में 38 हजार से ज्यादा उम्मीदवारों का चयन हुआ है, लेकिन करीब 6 महीने बीत जाने के बावजूद उन्हें अब तक नियुक्ति पत्र नहीं मिली है। इस बाबत नियोजित शिक्षक उम्मीदवार ने कई जगहों पर धरना प्रदर्शन भी किया था, साथ ही ट्विटर पर अभियान भी चलाया गया था।

You may have missed