प्रदेश में अराजकता का माहौल, विजय सिन्हा बोले- शिक्षक नियुक्ति मामले में सरकार को घेरेगी भाजपा
पटना। जमीन के बदले नौकरी मामले में डिप्टी CM तेजस्वी के खिलाफ CBI ने चार्जशीट दाखिल किया है। वही इस मामले को लेकर भाजपा नेता विजय सिन्हा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य में चार्जशीटेड डिप्टी CM नहीं चलेगा। CM नीतीश कार्रवाई करते हुए तेजस्वी यादव को कुर्सी से हटाए या फिर खुद हट जाएं। उन्होंने शनिवार को पार्टी प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि नीतीश 72 घंटे में सवाल का जवाब दें, अन्यथा सड़क से सदन तक इस मुद्दे को उठाया जाएगा।
ट्रांसफर-पोस्टिंग में किया गया खेल
विजय सिन्हा ने कहा कि बिहार में अराजकता का माहौल है। जून महीने में भारी पैमाने पर ट्रांसफर पोस्टिंग किया गया, जिसमें खेल किया गया है। विधि नियम के खिलाफ ट्रांसफर-पोस्टिंग किया गया है। उन्होंने आरोप लगते हुए कहा कि शिक्षा विभाग में जूनियर पदाधिकारी को सीनियर पदाधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग में बड़े पैमाने पर ट्रांसफर पोस्टिंग के लिए बोली लगाई गई। विधानमंडल में भी नियम के विरोध में प्रोन्नति दी गई है। उन्होंने कहा की वर्तमान सरकार सेवा के लिए नहीं मेवा के लिए है। उन्होंने कहा कि विधायिका और कार्यपालिका में टकराव हो रहा है। RJD के MLC पदाधिकारी को अंगुलिमाल डाकू बता रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री मौन क्यों है?
शिक्षक नियुक्ति मामले में सरकार को घेरेगी विपक्ष
भाजपा नेता ने तेजस्वी यादव पर भी हमला बोलते हुए कहा कि बिहार सरकार के मंत्री इसराइल मंसूरी हो या तेजस्वी प्रसाद यादव। दोनों पर भ्रष्टाचार के आरोप है, लेकिन जीरो टॉलरेंस की बात करने वाले मुख्यमंत्री चुप हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार, शिक्षक नियुक्ति आदि मुद्दों पर विपक्ष सरकार को घेरेगी। वही RJD कार्यालय के बाहर मोदी वाशिंग पाउडर के पोस्टर के सवाल पर विजय सिन्हा ने कहा है कि राजद और कांग्रेस दोनों एक-दूसरे के सहयोगी हैं। दोनों पार्टियों को संवैधानिक संस्था पर विश्वास नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हाल के फैसले पर भी कांग्रेस को भरोसा नहीं होता है। राजद उसी से जुड़ी हुई है। उसी के नक्शे कदम पर चलती है।


