November 18, 2025

अनंत सिंह की विधायकी हुई समाप्त, विधानसभा ने जारी की अधिसूचना

पटना। बिहार के बाहुबली अनंत सिंह की विधायकी अब खत्म हो चुकी है। अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता उनके घर से एके 47 और हैंड ग्रेनेड मिलने के मामले में एमपी/ एमएलए कोर्ट द्वारा 10 साल की सजा दिए जाने के कारण समाप्‍त हुई है। बिहार विधानसभा ने उनकी विधायकी समाप्त किए जाने की अधिसूचना जारी कर दी है। अनंत सिंह की विधायकी खत्म होने से राष्‍ट्रीय जनता दल नेता व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नंबर गेम को बड़ा झटका लगा है। अब आरजेडी विधायकों की संख्या 79 हो गई है। गौरतलब है कि बाढ़, मोकामा, बेलछी, हाथीदह, पंडारक, एनटीपीसी थानों की पुलिस सहित विशेष टीम ने 16 अगस्त, 2019 को विधायक अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां स्थित घर में रेड किया था। पुलिस टीम ने लगभग 30 घंटे से अधिक समय तक छापेमारी की। इस दौरान टीम को घर से प्रतिबंधित हथियार एके-47, 7.62 एमएम की 26 गोलियां और दो हैंड ग्रेनेड बरामद किये गए थे। इस मामले में अभियोजन पक्ष ने 13 लोगों की गवाही करवायी थी। जबकि, बचाव पक्ष से 34 गवाह पेश किए गए थे। इस मामले में अनंत सिंह को कोर्ट ने दोषी पाया था। कोर्ट ने उन्‍हें 10 साला की सजा सुनाई थी।
तेजस्वी को लगा बड़ा झटका
अनंत सिंह की विधायकी जाने के बाद तेजस्वी यादव के नंबर गेम को बड़ा झटका लगा है। अनंत सिंह की विधानसभा में सदस्यता समाप्त होने के बाद अब राजद के 79 विधायक रह गए हैं। हाल ही में ओवैसी की पार्टी AIMIM के चार विधायकों ने राजद का दामन थाम लिया था। जिसके बाद विधायकों की संख्या 76 से बढ़कर 80 हो गई थी। हालांकि, अभी भी राजद विधायकों की संख्या के लिहाज से विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी है।

You may have missed