गोलीबारी मामले में पूर्व विधायक अनंत सिंह को नहीं मिली जमानत, कोर्ट ने मांगी केस डायरी, सियासी तापमान बढ़ा

पटना। मोकामा गोलीबारी मामले में पूर्व विधायक अनंत सिंह की जमानत याचिका पर पटना सिविल कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने फिलहाल जमानत देने से इनकार कर दिया और पुलिस से केस डायरी की मांग की है। इस फैसले के बाद बिहार की राजनीति में सरगर्मी बढ़ गई है। 22 जनवरी की शाम मोकामा के नौरंगा गांव में हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने अनंत सिंह पर आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया था। इस दौरान पुलिस कर्मियों से धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के भी आरोप लगाए गए हैं। इस केस में पुलिस ने 24 जनवरी को गैंगस्टर सोनू और अनंत सिंह के करीबी रौशन को गिरफ्तार किया था। इसके बाद पूर्व विधायक अनंत सिंह ने बाढ़ कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया था। मोकामा गोलीकांड को लेकर अब तक 5 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं, जिनमें से एक पुलिस की ओर से दर्ज की गई है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई लोगों को गिरफ्तार किया है और जांच जारी है। अनंत सिंह बिहार की राजनीति में एक प्रभावशाली नेता माने जाते हैं। उनके जमानत न मिलने से राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। कोर्ट ने पुलिस से केस डायरी की मांग की है, जिससे जांच से जुड़े साक्ष्य और घटनाक्रम की पूरी जानकारी ली जा सके। अगली सुनवाई में यह तय होगा कि अनंत सिंह को जमानत मिलेगी या नहीं। फिलहाल, इस मामले को लेकर बिहार में सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है।
22 जनवरी को करीब 100 राउंड हुई थी फायरिंग
22 जनवरी बुधवार की शाम पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह अपने समर्थकों के साथ नौरंगा गांव पहुंचे थे। वहां गैंगस्टर सोनू-मोनू और अनंत समर्थकों के बीच फायरिंग हुई थी। इस दौरान 100 राउंड फायरिंग होने की बात कही जा रही थी। फायरिंग का एक वीडियो भी तेजी से वायरल हुआ था। 53 सेकेंड के वीडियो में 20 राउंड फायरिंग की आवाज सुनी जा सकती है। ग्रामीण एसपी विक्रम सिहाग ने बताया था, ‘बुधवार सुबह में हेमजा गांव के मुकेश सिंह के घर पर सोनू-मोनू की ओर से पैसे के लेन-देन को लेकर ताला मार दिया गया। इसी समस्या का समाधान करने के लिए अनंत सिंह यहां आए थे। पूर्व विधायक अनंत सिंह के समर्थकों और स्थानीय मुखिया उर्मिला देवी के बेटे सोनू और मोनू के बीच फायरिंग हुई।
मोकामा गोलीकांड के दूसरे दिन भी चली थी गोली
22 जनवरी की शाम को हुई फायरिंग के बाद अनंत सिंह और सोनू-मोनू की ओर से तीखी बयानबाजी हुई थी। गैंगस्टर सोनू ने कहा था, ‘गोली का जवाब गोली से दिया जाएगा। इसके दूसरे दिन 23 जनवरी की सुबह नौरंगा जलालपुर गांव में फिर फायरिंग हुई। पूर्व विधायक ने जलालपुर के हेमजा गांव में जिस मुकेश की मदद की थी, उसके घर पर सुबह 5.30 बजे पिस्टल से 5 राउंड गोलियां चली थीं। फायरिंग का आरोप सोनू-मोनू गैंग पर लगा था।

You may have missed