अमित शाह का सीमांचल दौरा आज : पूर्णिया में करेगें जन भावना रैली, किशनगंज में होगी रणनीति मीटिंग
पटना। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार से दो दिवसीय बिहार के सीमांचल दौरे पर रहेंगे। पहले दिन वे पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में बीजेपी की विशाल जनभावना रैली को संबोधित करेंगे, इसमें करीब डेढ़ से दो लाख कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। सत्ता से हटने के बाद बिहार में बीजेपी की यह पहली बड़ी रैली है। अमित शाह मुस्लिम बाहुल्य सीमांचल से लोकसभा चुनाव 2022 के प्रचार का शंखनाद करेंगे। इसके अलावा अमित शाह किशनगंज जिले का दौरा भी करेंगे। दो दिनों की यात्रा के दौरान अमित शाह पूर्णिया में चार घंटे तो किशनगंज में 26 घंटे बिताएंगे। पूर्णिया में आमित शाह की रैली के लिए 56 स्कवायर फीट लंबा और 28 स्कवायर फीट चौड़ा मंच बनाया गया है। मंच को भगवा रंग से सजाया गया है। मंच पर दस कुर्सियां होंगी। दो एसी भी लगाए गए हैं। मंच के बगल में सेफ हाउस बनाया गया है। जहां एयरपोर्ट से आने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री कुछ वक्त रुकेंगे। इसके बगल में ही वीआईपी लाउंज है। वही कार्यकर्ताओं के लिए तीन पंडाल बनाए गए हैं। 30 मीटर चौड़ा और 60 मीटर लंबा दो पंडाल और 40 मीटर लंबा और 100 मीटर चौड़ा एक पंडाल बनाया गया है। दस हजार कुर्सियां लगाई गई हैं। बाकी लोग स्टेडियम में खड़े होकर भाषण सुनेंगे। जगह-जगह पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कट आउट लगाए गए हैं। मंच से लेकर पंडाल वाटर और फायर प्रूफ बनाया गया है। स्टेडियम के चारों ओर होर्डिंग्स और बोर्ड लगाए गए हैं।

पूर्णिया के रंगभूमि मैदान ने आजादी के सात दशकों में सियासत के कई रंग देखे हैं। यहां कभी इंदिरा गांधी को सुनने के लिए लाखों लोग उमड़ चुके हैं। राजीव गांधी, वीपी सिंह, चंद्रशेखर तक की सभा हो चुकी है। नरेंद्र मोदी भी यहां लोगों को संबोधित कर चुके हैं। इंदिरा समेत बाकी नेताओं की रैली स्टेडियम के बाहर हुई थी। अमित शाह सुरक्षा कारणों से स्टेडियम के अंदर रैली को संबोधित करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री शुक्रवार सुबह चुनापूर हवाई अड्डा पहुंचेंगे। वहां से सीधे पूर्णिया के रंगभूमि मैदान आएंगे। यहां दोपहर 12 बजे रैली शुरू होगी, जो 3 बजे तक चलेगी। इसके बाद शाह वापस चुनापूर हवाई अड्डा लौटेंगे और वहां से हेलिकॉप्टर के जरिए खगड़ा किशनगंज के लिए रवाना होंगे। किशनगंज में वे माता गुजरी विश्वविद्यालय में रुकेंगे। शाम 4 से रात 9 बजे तक यहां बीजेपी नेताओं के साथ बैठकें होंगी और फिर डिनर का कार्यक्रम है।

