2 अप्रैल से अमेरिका भारत पर लगाएगा टैरिफ, डोनाल्ड ट्रंप ने संसद में किया बड़ा ऐलान

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 2 अप्रैल से भारत पर जैसा को तैसा टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि भारत हमसे 100% से ज्यादा टैरिफ वसूलता है, हम भी अगले महीने से ऐसा ही करने जा रहे हैं। ये ऐलान उन्होंने बुधवार सुबह अमेरिकी संसद के जॉइंट सेशन में कही। उन्होंने रिकॉर्ड 1 घंटा 44 मिनट का भाषण दिया। अपने पिछले कार्यकाल में उन्होंने सिर्फ 1 घंटा भाषण दिया था। ट्रम्प ने भाषण की शुरुआत अमेरिका इज बैक, यानी ‘अमेरिका का दौर लौट आया है’ से की। ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने 43 दिन में जो किया है वह कई सरकारें अपने 4 या 8 साल के कार्यकाल में नहीं कर पाईं। इसके अलावा ट्रम्प ने पाकिस्तान को शुक्रिया भी कहा। ट्रम्प ने कहा कि 2021 में अफगानिस्तान में आतंकियों ने 13 अमेरिकी सैनिकों की हत्या कर दी थी। उन्हें पकड़ने में पाकिस्तान सरकार ने मदद की।
2 अप्रैल से जैसे को तैसा टैरिफ लागू होगा
2 अप्रैल से जैसे को तैसा टैरिफ लागू होगा। दूसरे देश हम पर भारी टैरिफ और टैक्स लगाते हैं, अब हमारी बारी है। अगर कोई कंपनी अमेरिका में प्रोड्क्ट नहीं बना रही है तो उसे टैरिफ देना होगा। जेलेंस्की जल्द से जल्द यूक्रेन जंग खत्म करने को लेकर बातचीत के लिए आने को तैयार हैं। हमने रूस के साथ गंभीर बातचीत की है। हमें मॉस्को से मजबूत संकेत मिले हैं कि वे शांति के लिए तैयार हैं। पिछले चार साल में 2.1 करोड़ लोग अवैध रूप से अमेरिका में घुसे हैं। हमारी सरकार ने अमेरिकी इतिहास में सबसे बड़ा बॉर्डर और इमिग्रेशन क्रैकडाउन शुरू किया है। बाइडेन अमेरिकी इतिहास के सबसे खराब राष्ट्रपति हैं। उनके कार्यकाल में हर महीने लाखों अवैध लोग देश में दाखिल हुए। उनकी नीतियों के चलते देश में महंगाई बढ़ी। हम गोल्ड कार्ड वीजा सिस्टम लाने जा रहे हैं। यह ग्रीन कार्ड की तरह है, लेकिन उससे ज्यादा एडवांस है। इससे बड़ी संख्या में नौकरियां पैदा होंगी और कंपनियों को फायदा होगा। हम किसी भी तरह पनामा नहर पर कंट्रोल हासिल करेंगे। इसके साथ ही हम किसी भी तरह ग्रीनलैंड को अपने में शामिल करेंगे। हम वहां के लोगों की हिफाजत करेंगे। हमने सरकारी सेंसरशिप पूरी तरह रोक दी है और अमेरिका में फ्री स्पीच वापस ले आए हैं। हमने ऐसे सरकारी तंत्र को खत्म कर दिया है जिसका इस्तेमाल हथियार के तौर पर किया जाता है। अमेरिका के पास दुनिया के किसी भी देश से ज्यादा ‘लिक्विड गोल्ड’ (तेल और गैस) है। हम अलास्का में बहुत बड़ी प्राकृतिक गैस पाइपलाइन बिछाएंगे। इसमें कई देश अरबों रुपए निवेश करना चाहते हैं। हम विज्ञान की नई सीमाओं को पार करेंगे, इंसान को अंतरिक्ष में आगे ले जाएंगे और मंगल ग्रह पर अमेरिकी झंडा फहराएंगे। हम दुनिया की सबसे उन्नत और शक्तिशाली सभ्यता का निर्माण करेंगे।
ट्रम्प ने आतंकी को पकड़वाने के लिए पाकिस्तान को शुक्रिया कहा
ट्रम्प ने पाकिस्तान को धन्यवाद देते हुए कहा कि 2021 में अफगानिस्तान में आतंकियों ने 13 अमेरिकी सैनिकों की हत्या कर दी थी। हमने हाल में ही इसके मास्टरमाइंड को पकड़ा है। उसे अमेरिका लाया जा रहा है। उसे पकड़ने के लिए पाकिस्तान सरकार का शुक्रिया। अफगानिस्तान से अमेरिकी सेना की वापसी के दौरान बम विस्फोट हुआ था, जिसमें 170 लोगों की मौत हो गई थी। इसमें 13 अमेरिकी सैनिक भी थे। इसे घटना को एबे गेट बॉम्बिंग के नाम से जाना जाता है। यह विस्फोट काबुल एयरपोर्ट के एबे गेट पर हुआ था। इस हादसे का जिम्मेदार माना जाने वाला मोहम्मद शरीफुल्लाह को अमेरिका ले जाया जा रहा है। उस पर आतंकी घटना में मदद करने और इससे जुड़ी साजिश रचने का आरोप है। रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान ने CIA को शरीफुल्लाह के बारे में जानकारी दी थी जिसके बाद उसे पकड़ा गया था।
