बिहार में साइक्लोन दाना को लेकर अलर्ट जारी: तापमान गिरा, चलेगी तेज हवाए, 19 जिलों में बारिश
पटना। बंगाल की खाड़ी से उठा साइक्लोन ‘दाना’ ओडिशा के तट से रात करीब 12:30 बजे टकराया। सुबह तक इसका लैंडफॉल हुआ। तूफान का असर बिहार में भी देखने को मिल रहा है। कटिहार, भागलपुर, किशनगंज समेत कई जिलों में बादल छाए हुए हैं। मुंगेर में गुरुवार रात बारिश हुई, आज सुबह भी बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र की माने तो बिहार के दक्षिण और पूर्वी हिस्से में साइक्लोन का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। साइक्लोन के अलर्ट के बाद मुंगेर में 25 अक्टूबर को गंगा में नाव चलाने पर रोक लगाई गई है। बिहार आपदा प्रबंधन ने सभी जिलों के सीओ को लेटर जारी किया है। वहीं, नालंदा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को अलर्ट मोड पर रखा गया है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 19 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसमें मुंगेर और पूर्णिया में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, पटना, नालंदा और कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। गुरुवार की शाम किशनगंज में तेज बारिश हुई। भागलपुर और बांका में तेज हवा चली। 26 अक्टूबर को प्रदेश के उत्तर-पूर्व, उत्तर-मध्य और दक्षिणी हिस्सों के एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 10 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
बिहार के इन जिलों में बारिश का अलर्ट
आज पटना, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया, लखीसराय, बेगूसराय, नवादा, शेखपुरा, गया, जहानाबाद, नालंदा, औरंगाबाद, अरवल, भोजपुर, बक्सर, रोहतास और कैमूर में बारिश का अलर्ट है। साइक्लोन का असर बिहार के कुछ जिले में बुधवार रात से दिखना शुरू हो गया था। सुपौल, किशनगंज में बुधवार को तेज बारिश हुई। वहीं गुरुवार को दोपहर बाद भी मध्य और दक्षिणी बिहार के कई जिलों में बारिश हुई। इनमें गया, औरंगाबाद, शेखपुरा, मुंगेर, लखीसराय और भागलपुर भी शामिल हैं। इनके अलावा बक्सर में भी बारिश हुई है। राजधानी पटना में भी गुरुवार सुबह से हल्के बादल छाए रहे।
खड़ी फसलों और वृक्षों को हो सकता नुकसान
मौसम विभाग ने अपने अलर्ट में कहा है कि आंधी और वज्रपात से खड़ी फसल और वृक्षों को भी नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही झुग्गी-झोपड़ी, टीन और कच्चे मकानों को भी नुकसान हो सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान बिजली चमकने या गरजने की आवाज सुनाई देने पर बाहर न निकलें, पक्के घरों में शरण लें। तूफान को देखते हुए एहतियात के तौर पर ओडिशा से बिहार के रास्ते दिल्ली जाने वाली की 2 ट्रेनों को आज रद्द कर दिया गया है।


