नीतीश पर अखिलेश यादव का हमला, हम लोग उनको पीएम बनना चाहते थे, भाजपा अब उनको खत्म करेगी
- सपा प्रमुख बोले, बिहार चुनाव में हम राजद की मदद करेंगे, बीजेपी को हराने का करेंगे काम
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में आयोजित एक प्रेसवार्ता में बिहार की सियासत पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि समाजवादी पार्टी आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का समर्थन करेगी और भाजपा को हराने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। अखिलेश ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में भाजपा के खिलाफ विपक्ष को एकजुट होना चाहिए और बिहार में राजद ही वह ताकत है जो भाजपा को टक्कर दे सकती है।
नीतीश कुमार पर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि हमलोग तो चाहते थे कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री बनें, लेकिन वे फिर से मुख्यमंत्री बनकर रह गए। अब भाजपा उन्हें पूरी तरह खत्म करने पर तुली हुई है। उन्होंने यह भी इशारा किया कि भाजपा ने नीतीश कुमार को इस्तेमाल कर अब किनारे लगाने की रणनीति बना ली है। सपा प्रमुख के इस बयान ने बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है।
भाजपा पर व्यापार और आस्था के नाम पर घोटालों का आरोप
प्रेसवार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मथुरा-वृंदावन में कॉरिडोर के नाम पर छोटे व्यापारियों को उजाड़ा जा रहा है और उनकी जगह बड़े उद्योगपतियों को बसाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार आस्था के नाम पर जमीनों की लूट कर रही है और मथुरा की गलियों को कारोबार का केंद्र बना दिया गया है।
कावंड़ियों और स्थानीय व्यापारियों के लिए आश्वासन
अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार बनने पर कांवड़ यात्रियों के लिए समर्पित कॉरिडोर बनाए जाएंगे, जिससे उनकी यात्रा सुगम हो सके। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि छोटे दुकानदारों को किसी प्रकार की समस्या न हो। उन्होंने भाजपा पर यह भी आरोप लगाया कि वह कांवड़ यात्रा के दौरान दुकानें चेक कराकर लोगों में भय का माहौल बना रही है।
पूर्वांचल की विकास योजनाओं पर भी उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे को घटिया निर्माण का उदाहरण बताया और कहा कि सपा सरकार आने पर इस तरह की योजनाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कानपुर मेट्रो को उन्नाव और लखनऊ मेट्रो को बाराबंकी तक विस्तार देने की भी घोषणा की।
आम महोत्सव में अव्यवस्था पर नाराजगी
प्रेसवार्ता में उन्होंने आम महोत्सव के दौरान मची भगदड़ पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर आयोजन में समुचित व्यवस्था होती और आम को पैकेट में बांटकर दिया जाता तो ऐसी भगदड़ नहीं मचती। यह आयोजन सरकार की कुप्रबंधन की एक और मिसाल है। अखिलेश यादव का यह बयान राजनीतिक रूप से कई मायनों में अहम है। एक ओर उन्होंने भाजपा और नीतीश कुमार पर निशाना साधा, वहीं दूसरी ओर बिहार में राजद को समर्थन देकर विपक्षी एकजुटता की कोशिश को बल दिया। साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश की कई योजनाओं पर सवाल उठाकर आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश की है।


