February 14, 2026

सक्षमता परीक्षा के द्वितीय चरण के लिए एडमिट कार्ड जारी, 12 से शुरू होगी परीक्षा

पटना। सक्षमता परीक्षा के द्वितीय चरण के लिए परीक्षा का आयोजन 12, 14 और 15 मई को किया जाना है। इसके लिए कुल 85 हजार नियोजित शिक्षकों ने आवेदन किया है। वहीं, आज से इस परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिया गया है। इस संबंध में सूचना जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को भेज दी गई है। बिहार बोर्ड ने सभी परीक्षार्थियों का प्रवेशपत्र वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। बिहार बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि प्रवेशपत्र डाउनलोड होने के उपरांत उस पर जिला कार्यक्रम अधिकारी से हस्ताक्षर करना होगा। तभी प्रवेशपत्र को मान्य माना जाएगा। बिना हस्ताक्षर वाले प्रवेश पत्रों के आधार पर परीक्षा केंद्रों में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बोर्ड ने परीक्षार्थियों से आग्रह किया है कि प्रवेशपत्र पर अंकित निर्देशों का पालन करे। मूल एडमिट कार्ड गुम होने की स्थिति में शिक्षक अभ्यर्थी को दोबारा सक्षमता परीक्षा देनी होगी। अभ्यर्थी द्वारा परीक्षा फॉर्म भरते समय आधार कार्ड, मैट्रिक का प्रमाण पत्र, टीइटी, सीटीइटी, एसीईटी उत्तीर्णता प्रमाण पत्र, प्रशैक्षणिक तथा शैक्षणिक प्रमाण पत्र एवं नियोजन इकाई द्वारा जारी नियुक्ति पत्र अपलोड करना होगा। सक्षमता परीक्षा 2.0 में भी अलग-अलग कक्षाओं के लिए सात श्रेणी में कुल 59 विषयों की परीक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में कोई निगेटिव मार्किंग नहीं है। इनमें पहली से पांचवीं में एक विषय की परीक्षा होगी। छठी से आठवीं में 8 विषयों की परीक्षा होगी। इसके अलावा माध्यमिक (नवमीं से दशवीं) में 19 विषयों और उच्च माध्यमिक (11वीं से 12वीं) में 31 विषयों की परीक्षा ली जाएगी। प्रारंभिक, हाई और इंटर स्कूलों में पढ़ाए जाने वाले कोर्स से सवाल पूछे जाएंगे। सक्षमता परीक्षा में कुल 150 वस्तुनिष्ठ प्रश्न होंगे। इसमें कक्षा 1 से 5 के लिए के लिए भाषा से 30, सामान्य अध्ययन से 40 और सामान्य विषय से 80 प्रश्न पूछे जाएंगे। इसी तरह के अंक प्रश्न छठी से आठवीं, नौवीं व दसवीं तथा 11 वीं व 12 वीं के नियोजित शिक्षकों से पूछे जाएंगे।

You may have missed