November 14, 2025

अरवल में पिकअप और ऑटो की टक्कर से भीषण हादसा; एक की मौत, 6 लोग ज़ख़्मी

अरवल। अरवल में राष्ट्रीय राजमार्ग 139 पर मेहंदिया थाना क्षेत्र के कोनी कुटी गांव के पास पटना से आ रहे पिकअप और औरंगाबाद से आ रहे ऑटो के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इसमें ऑटो सवार एक व्यक्ति की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। वहीं अन्य छह लोग घायल हो गए। घटना के बाद सभी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं गंभीर स्थिति में घायल एक महिला को डॉक्टर ने पीएमसीएच रेफर कर दिया है। मृतक की पहचान औरंगाबाद के दाउदनगर थाना क्षेत्र के शमशेर नगर राम टोली गांव निवासी दिनेश राम का बेटा मनोज राम (35) के रूप में की गई। मृतक सोहसा बस सर्विस के लिए कंडक्टर का काम करता था। वह ड्यूटी के लिए अरवल आ रहा था। मेहंदिया थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घायल आकाश कुमार ने बताया कि सभी लोग औरंगाबाद जिले के जम्होर थाना क्षेत्र के तिमौरी गांव के रहने वाले है और एक ही परिवार के है। ऑटो पर सवार होकर अरवल जिले के किंजर थाना क्षेत्र के गांगेया गांव यज्ञ समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। गंगेया गांव में सभी लोग काशी राय के घर जा रहे थे। जहां घायल महिला सपना देवी का मायका है। सपना देवी को डॉक्टर ने रेफर कर दिया है। वहीं घटना में लीलावती देवी (38), नवरंग राय (45), प्रियंका कुमारी (16), सपना देवी और उसके दोनों बेटे आकाश राय (24), सुंदरम कुमार (12) घायल हो गए।

You may have missed